October 28, 2026

Naval Times News

निष्पक्ष कलम की निष्पक्ष आवाज

धनौरी पी.जी. कॉलेज और IAPT की पहल: माँ कौशल देवी पब्लिक स्कूल में सजीव प्रयोगों से बच्चों ने सीखी फिजिक्स

धनौरी, हरिद्वार। धनौरी पी.जी. कॉलेज, धनौरी के भौतिकी विभाग एवं IAPT (Indian Association of Physics Teachers), APhO( Asian physics olympiad) के अंतर्गत आउटरीच प्रोग्राम के तहत माँ कौशल देवी पब्लिक स्कूल, बेल्डा रोड रहमतपुर , रुड़की हरिद्वार में “Experiential Physics Learning Through Innovative Experiments” विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया।

कार्यशाला का उद्देश्य विद्यार्थियों को प्रयोगों के माध्यम से भौतिकी के सिद्धांतों की व्यावहारिक जानकारी देना तथा उनमें वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करना था।

कार्यशाला में रिसोर्स पर्सन के रूप में धनौरी पी.जी. कॉलेज के भौतिकी विभागाध्यक्ष डॉ. संदीप कुमार, डॉ. वरुण कुमार एवं डॉ. कुमुद चौधरी ने विभिन्न प्रयोगों का सजीव प्रदर्शन किया।
डॉ. संदीप कुमार ने फ्लेमिंग के बाएँ हाथ के नियम, ओर्स्टेड के प्रयोग तथा हाइड्रोलिक ब्रेक की कार्यप्रणाली समझाते हुए विद्युत धारा, चुंबकीय क्षेत्र एवं द्रव के माध्यम से बल के संचार से संबंधित सिद्धांतों की जानकारी दी।
डॉ. वरुण कुमार ने पवन चक्की एवं विद्युत घंटी के प्रयोगों का प्रदर्शन करते हुए पवन ऊर्जा, विद्युत चुंबकत्व तथा विद्युत ऊर्जा के व्यावहारिक उपयोगों को सरल भाषा में समझाया।उन्होंने विद्यार्थियों को प्रयोगों का अवलोकन करने और जिज्ञासापूर्वक प्रश्न पूछने के लिए प्रेरित किया।
डॉ. कुमुद चौधरी ने न्यूटन की रंग चक्रिका एवं चेन रिएक्शन के प्रयोगों के माध्यम से रंगों के संयोजन तथा क्रमिक घटनाओं की प्रक्रिया को समझाया।
विद्यालय की प्रधानाचार्या सुश्री रेनू गोस्वामी एवं प्रबंधक सुश्री सीमा गोस्वामी उपस्थित रहीं। प्रधानाचार्या सुश्री रेनू गोस्वामी ने सभी रिसोर्स पर्सन, धनौरी पी.जी. कॉलेज तथा IAPT के एशियन फिजिक्स ओलंपियाड सेल का सहयोग एवं मार्गदर्शन प्रदान करने के लिए आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में विक्रांत सैनी ने भी सहयोग प्रदान किया। कार्यशाला में 55 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और विभिन्न वैज्ञानिक उपकरणों की कार्यप्रणाली को समझा। इस पहल से विद्यार्थियों को सैद्धांतिक ज्ञान को व्यावहारिक प्रयोगों से जोड़ने तथा विज्ञान के प्रति रुचि विकसित करने का अवसर प्राप्त हुआ।

About The Author