October 28, 2026

Naval Times News

निष्पक्ष कलम की निष्पक्ष आवाज

दीपावली से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, रिलायंस डिस्ट्रीब्यूशन सेंटर में मिली अनियमितताएं, खाद्य नमूने जांच के लिए भेजे

हरिद्वार, 28 अक्टूबर 2026: आगामी दीपावली पर्व के दृष्टिगत आमजन को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने और खाद्य पदार्थों में मिलावट की रोकथाम के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, हरिद्वार द्वारा जनपद में विशेष निरीक्षण एवं नमूना संग्रह अभियान चलाया जा रहा है।

इसी क्रम में 28 अक्टूबर 2026 को सहायक आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन हरिद्वार महिमानंद जोशी के नेतृत्व में विभागीय टीम ने वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन, योगेंद्र पांडेय एवं पवन कुमार के साथ भेड़पुर चौराहा, भगवानपुर एवं सिडकुल क्षेत्र में खाद्य पदार्थों की आपूर्ति करने वाले वाहनों, मिठाई वाहनों तथा दूध वाहनों का निरीक्षण किया। इस दौरान खुले दूध के चार तथा गजक मिठाई के दो नमूने प्रयोगशाला जांच के लिए लिए गए।

निरीक्षण के दौरान गजक निर्माता कंपनी वैश्य इंटरप्राइजेज, भगवानपुर द्वारा अपने इनवॉइस पर अनिवार्य एफएसएसएआई (FSSAI) लाइसेंस नंबर अंकित नहीं करने तथा गजक के पैकेट पर बैच नंबर एवं अन्य आवश्यक लेबल संबंधी प्रावधानों का पालन नहीं करने पर नोटिस जारी किया गया।

वहीं, एक दूध वाहन मालिक द्वारा मौके पर सप्लाई का फूड लाइसेंस प्रस्तुत नहीं करने पर नोटिस दिया गया। इसके अतिरिक्त दो वाहनों में तापमान नियंत्रण की उचित व्यवस्था के बिना दूध का विक्रय किए जाने पर भी नोटिस जारी किए गए।

विभागीय टीम ने सिडकुल क्षेत्र स्थित रिलायंस स्टोर्स के डिस्ट्रीब्यूशन सेंटर का भी निरीक्षण किया। यहां पेड़ा मिठाई के दो नमूने प्रयोगशाला जांच के लिए लिए गए। निरीक्षण के दौरान पाई गई अनियमितताओं के चलते डिस्ट्रीब्यूशन सेंटर को इम्प्रूवमेंट नोटिस जारी किया गया। जांच में तापमान नियंत्रित रखने वाले चिलर पैड गंदे पाए गए तथा बॉक्स के ऊपर और अंदर धूल जमा मिली।

सफाई एवं सैनिटाइजेशन में इस्तेमाल होने वाले कीटनाशक और अन्य रसायन, एक्सपायरी के करीब वाले उत्पादों के क्षेत्र तथा स्वीकृत उत्पादों के भंडारण क्षेत्र के बीच रखे पाए गए। इसके अलावा, सामान की आवाजाही करने वाले वाहनों की सफाई से संबंधित रिकॉर्ड भी उपलब्ध नहीं मिले। इन अनियमितताओं को देखते हुए सुधारात्मक कार्रवाई के लिए नोटिस जारी करने की संस्तुति की गई।

इसी अभियान के अंतर्गत वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी कैलाश चंद्र टम्टा एवं कपिल देव की टीम ने पुलिस विभाग के साथ नारसन पुलिस चेक पोस्ट पर बाहरी राज्यों से उत्तराखंड में लाए जा रहे खाद्य एवं पेय पदार्थों के वाहनों की सघन जांच की। इस दौरान नारसन क्षेत्र से दूध, पनीर, मावा एवं मावा बर्फी सहित कुल चार खाद्य नमूने प्रयोगशाला जांच के लिए संग्रहित किए गए।

इसके अतिरिक्त वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी कैलाश चंद्र टम्टा द्वारा नगर निगम क्षेत्र, हरिद्वार में विभिन्न मिठाई विक्रेता प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान मिठाइयों एवं बेकरी उत्पादों पर निर्माण तिथि और उपयोग की अंतिम तिथि प्रदर्शित करने संबंधी आदेशों के अनुपालन की जांच की गई। मिठाई निर्माण करने वाले कारखानों का भी निरीक्षण किया गया तथा एक मिठाई कारखाने से पेड़ा का एक नमूना प्रयोगशाला जांच के लिए लिया गया।

इस प्रकार विभागीय अभियान के तहत जनपद में कुल 13 खाद्य पदार्थों के विधिक नमूने संग्रहित कर प्रयोगशाला जांच के लिए भेजे गए हैं।

About The Author