November 3, 2026

Naval Times News

निष्पक्ष कलम की निष्पक्ष आवाज

महाविद्यालय मजरा महादेव में जल संरक्षण विषय पर संगोष्ठी आयोजित, नदी स्वच्छता की ली शपथ

मजरा महादेव, पौड़ी गढ़वाल। नमामि गंगे कार्यक्रम के अंतर्गत राजकीय महाविद्यालय मजरा महादेव, पौड़ी गढ़वाल में दिनांक 3 नवंबर 2026 को जल संरक्षण विषय पर एक दिवसीय संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापकों, कर्मचारियों एवं छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया।

संगोष्ठी के माध्यम से जल संरक्षण, नदियों की स्वच्छता तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता का संदेश दिया गया। इस अवसर पर उपस्थित सभी प्रतिभागियों को नदी स्वच्छता की शपथ भी दिलाई गई।

महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राकेश कुमार भट्ट ने अपने संबोधन में कहा कि जल जीवन का आधार है और इसका संरक्षण वर्तमान समय की सबसे महत्वपूर्ण आवश्यकता है। जल के बिना मानव जीवन, कृषि एवं पारिस्थितिकी की कल्पना नहीं की जा सकती। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को जल के महत्व को समझते हुए जल का सदुपयोग करना चाहिए तथा जल स्रोतों और नदियों को स्वच्छ बनाए रखने में अपनी सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से जल संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।

नमामि गंगे कार्यक्रम की नोडल अधिकारी डॉ. चन्द्र बल्लभ नैनवाल ने कहा कि नमामि गंगे कार्यक्रम का उद्देश्य गंगा नदी एवं उसकी सहायक नदियों का संरक्षण, स्वच्छता तथा जल संसाधनों के प्रति जन-जागरूकता विकसित करना है। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण केवल सरकारी प्रयासों तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि इसे जन आंदोलन का स्वरूप देना आवश्यक है। वर्षा जल संचयन, जल स्रोतों की स्वच्छता तथा नदियों में कूड़ा-कचरा न डालने जैसे छोटे-छोटे प्रयास जल संरक्षण में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से जल संरक्षण एवं नदी स्वच्छता के संदेश को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित प्राध्यापकों, कर्मचारियों एवं छात्र-छात्राओं ने जल संरक्षण तथा नदी स्वच्छता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। संगोष्ठी का उद्देश्य विद्यार्थियों में पर्यावरणीय चेतना विकसित करना तथा स्वच्छ एवं सुरक्षित जल के महत्व के प्रति जागरूक करना रहा।

About The Author