November 4, 2026

Naval Times News

निष्पक्ष कलम की निष्पक्ष आवाज

महाविद्यालय मालदेवता में शिक्षा विभाग के विभागीय परिषद के तत्वावधान में प्रतिभा और सृजनात्मकता का शानदार प्रदर्शन

देहरादून: राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय मालदेवता (रायपुर), देहरादून के शिक्षा विभाग की विभागीय परिषद के तत्वावधान में आज दिनांक 4 नवंबर 2026 को विद्यार्थियों की रचनात्मकता, अभिव्यक्ति कौशल, तार्किक चिंतन एवं शैक्षणिक प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से पोस्टर मेकिंग, निबंध लेखन एवं भाषण प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ शिक्षा विभाग की डॉ. लीना रावत द्वारा स्वागत संबोधन एवं अतिथियों के अभिनंदन के साथ हुआ। उन्होंने विद्यार्थियों को इस प्रकार की शैक्षणिक एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करने के लिए प्रेरित किया।

महाविद्यालय के कार्यवाहक प्राचार्य प्रो. यतीश वशिष्ठ ने अपने प्रेरणादायक संबोधन में विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल पुस्तकीय ज्ञान अर्जित करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व का सर्वांगीण विकास करना भी है।

उन्होंने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, रचनात्मकता, आलोचनात्मक चिंतन एवं प्रभावशाली अभिव्यक्ति के कौशल का विकास करती हैं।

उन्होंने सभी प्रतिभागियों को अपनी प्रतिभा पहचानने, निरंतर प्रयास करने तथा जीवन में उत्कृष्टता प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया।

भाषण प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने विभिन्न विषयों पर अपने विचार प्रभावशाली एवं आत्मविश्वासपूर्ण ढंग से प्रस्तुत किए।

प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार बी.ए. तृतीय सेमेस्टर के यासीन ने, द्वितीय पुरस्कार बी.ए. पंचम सेमेस्टर की सुप्रिया शर्मा ने तथा तृतीय पुरस्कार बी.ए. तृतीय सेमेस्टर के अरुण सिंह ने प्राप्त किया। भाषण प्रतियोगिता का निर्णयन डॉ. मैत्रेयी थपलियाल, डॉ. मधुबाला जुवांठा एवं डॉ. ममता रावत द्वारा किया गया।

पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने अपनी कलात्मक प्रतिभा, रंगों के आकर्षक संयोजन तथा विषय की प्रभावशाली प्रस्तुति के माध्यम से रचनात्मकता का परिचय दिया। इस प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार वंशिका नैथानी, द्वितीय पुरस्कार हिमानी रानी तथा तृतीय पुरस्कार आशिका धीमान ने प्राप्त किया।

पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता का निर्णयन डॉ. ममता भट्ट, डॉ. आशा रांगड़ी एवं डॉ. करुणा मिश्रा द्वारा किया गया।निबंध लेखन प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने अपने विचारों को लेखन के माध्यम से प्रस्तुत करते हुए विषय की समझ, तार्किकता एवं अभिव्यक्ति कौशल का परिचय दिया जिसमें प्रथम स्थान कंचन, द्वितीया स्थान कविता और तृतीय स्थान निधि ने प्राप्त कियाl

कार्यक्रम के अंत में डॉ. अंशु सिंह ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। उन्होंने महाविद्यालय के कार्यवाहक प्राचार्य प्रो. यतीश वशिष्ठ, निर्णायक मंडल के सभी सदस्यों, आयोजन में सहयोग देने वाले प्राध्यापकों तथा उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करने वाले विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम का समापन उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ। इस आयोजन ने विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ आत्मविश्वास, सृजनात्मकता एवं स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने का अवसर प्रदान किया।

About The Author