एनटीन्यूज़, काशीपुर: उधम सिंह नगर में कुंडेश्वरी के भीमनगर इलाके में पशु आहार चलाने वाले फैक्ट्री स्वामी ने अपनी मौत से पहले वीडियो बनाया है। जिसके बाद उसने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। उसके परिजनों का आरोप है कि कर्जदारों के लगातार उत्पीड़न के कारण उसने ऐसा कदम उठाया है। पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम करा कर जांच शुरू कर दी है।
काशीपुर के मोहल्ला मदर कॉलोनी महेशपुरा निवासी शकील अहमद (57 वर्ष) ने चार वर्ष पूर्व कुंडेश्वरी के भीमनगर इलाके में पशु आहार की एक फैक्ट्री लगाई थी। इस फैक्ट्री में उसके साथ तीन और पार्टनर थे। बताया जा रहा है कि पहले फैक्ट्री ठीक ठाक चली, बाद में पार्टनरों ने उसके साथ बेईमानी शुरू कर दी। इससे फैक्ट्री कुछ ही समय में बंद हो गयी। इस दौरान शकील पर लाखों का कर्ज हो गया। देनदारों के तकादे के कारण शकील बेहद परेशान चल रहा था।
बीते शनिवार को अपराह्न बाद शकील साफ-सफाई के बहाने घर से फैक्ट्री चला गया। वहां उसने सुसाइड वीडियो बनाने के बाद रस्सी से फांसी का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों को जैसे ही इसके बारे में पता चला तो कोहराम मच गया। सूचना मिलने पर कुंडेश्वरी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम कराने के बाद परिजनों के हवाले कर दिया। फैक्ट्री बंद होने के बाद से ही शकील कर्ज के कारण बेहद परेशान था। कर्ज की वजह से परिवारवालों से भी उसके संबंध खराब हो चुके थे।
आत्महत्या से पूर्व छोड़े सुसाइड वीडियो में उसने कहा कि ‘मैं आज अपनी जान को फनाह करने जा रहा हूं। मुझे जितने भी मिले 420 और फ्रॉड मिले, मैं बहुत परेशान हूं। डिप्रेशन में मुझसे नहीं जिया जा रहा है। किच्छा, रामनगर व जसपुर खुर्द के कुछ लोगों ने मेरा जीना मुश्किल कर दिया है’। वीडियों में शकील ने बताया कि उसके तीन पार्टनरों ने उसे धोखा दिया, जिसकी वजह से उसकी जान आफत में पड़ गयी। शकील ने सुसाइड वीडियो में यह भी बताया कि षड़यंत्र के तहत उसके पार्टनरों ने उसके खिलाफ मुकदमे करा दिये। इसलिए वह आत्महत्या के लिए विवश है। आरोपियों में एक पार्षद बताया जा रहा है।



More Stories
दीपावली से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, रिलायंस डिस्ट्रीब्यूशन सेंटर में मिली अनियमितताएं, खाद्य नमूने जांच के लिए भेजे
कुंभ मेला 2027: देवभूमि की लोक संस्कृति का अनूठा संगम, 15 मार्च को हरिद्वार में होगा देव डोलियों का ‘अमृत स्नान’
धनौरी पी.जी. कॉलेज और IAPT की पहल: माँ कौशल देवी पब्लिक स्कूल में सजीव प्रयोगों से बच्चों ने सीखी फिजिक्स