April 8, 2026

Naval Times News

निष्पक्ष कलम की निष्पक्ष आवाज

उत्तराखंड: राज्य में खराब मौसम के आसार ,कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी

उत्तराखंड: राज्य में मौसम एक बार फिर करवट ले रहा है और प्रदेशभर में खराब मौसम के आसार बने हुए हैं। पहाड़ से लेकर मैदान तक पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के चलते मौसम के तेवर तल्ख हैं।

ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बूंदाबांदी और तापमान में गिरावट के कारण बर्फबारी की संभावना जताई गई है, वहीं प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में झमाझम बारिश के भी संकेत हैं।

मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार 7 और 8 अप्रैल को प्रदेश में तेज हवाओं के साथ बारिश, ओलावृष्टि और आकाशीय बिजली चमकने की संभावना है। इसे देखते हुए देहरादून, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल, चंपावत और उधम सिंह नगर जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि अन्य जिलों में येलो अलर्ट की चेतावनी दी गई है।

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि 8 अप्रैल को प्रदेश के सभी जनपदों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। कुछ स्थानों पर मौसम ज्यादा खराब होने की आशंका है, जहां तेज हवाओं के साथ बारिश और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली हवाएं 60 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती हैं। इसके साथ ही आकाशीय बिजली चमकने और ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है।

विभाग ने लोगों से ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है। विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।

मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए राज्यभर में आपदा प्रबंधन तंत्र को अलर्ट मोड पर रखा गया है। विशेष रूप से नैनीताल जिले में प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। अपर जिलाधिकारी शैलेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि 8 अप्रैल को जनपद में कई स्थानों पर गर्जन के साथ आकाशीय बिजली, ओलावृष्टि और तेज हवाएं चलने की संभावना है। इसे देखते हुए आमजन से आवागमन में विशेष सावधानी बरतने की अपील की गई है।

प्रशासन ने संबंधित तहसीलों, आपदा कंट्रोल रूम और जनपद आपातकालीन परिचालन केंद्र को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं, साथ ही सभी नोडल अधिकारियों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। एनएच, पीडब्ल्यूडी, पीएमजीएसवाई और अन्य विभागों को निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी सड़क के बाधित होने पर उसे तत्काल खोला जाए। इसके अलावा राजस्व उपनिरीक्षक, ग्राम विकास अधिकारी और ग्राम पंचायत अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में मुस्तैद रहने के निर्देश दिए गए हैं। सभी थानों और चौकियों को भी आपदा उपकरणों के साथ तैयार रहने को कहा गया है।

अपर जिलाधिकारी ने आमजन से अपील की है कि किसी भी आपदा या नुकसान की सूचना तुरंत जनपद आपदा प्रबंधन प्राधिकरण या राज्य आपदा नियंत्रण कक्ष को उपलब्ध कराएं, ताकि समय रहते राहत और बचाव कार्य सुनिश्चित किए जा सकें।

About The Author