एम.बी. राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, हल्द्वानी में “ईट राइट यूथ हैकाथॉन – उत्तराखण्ड 2026” के अंतर्गत महाविद्यालय स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन दिनांक 16 मार्च 2026 को किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को सुरक्षित, स्वस्थ एवं टिकाऊ खाद्य प्रणाली के प्रति जागरूक करना तथा नवाचार आधारित समाधान प्रस्तुत करने के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम का संचालन प्रो. टी. सी. पाण्डेय, प्रोफेसर, राजकीय बी.एड. विभाग एवं नोडल अधिकारी – ईट राइट यूथ हैकाथॉन द्वारा किया गया। कार्यक्रम के प्रारम्भ में महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. एन. एस. बनकोटी ने अपने उद्घाटन वक्तव्य में कहा कि आज के समय में युवाओं की भूमिका स्वस्थ समाज के निर्माण में अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि “ईट राइट” अभियान केवल एक स्वास्थ्य कार्यक्रम नहीं बल्कि एक सामाजिक आंदोलन है, जिसका उद्देश्य लोगों में सुरक्षित, संतुलित और टिकाऊ भोजन के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने विद्यार्थियों को नवाचार, वैज्ञानिक सोच तथा सामाजिक उत्तरदायित्व के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया तथा आशा व्यक्त की कि महाविद्यालय के विद्यार्थी राज्य स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करेंगे।
इस अवसर पर कार्यक्रम में विशेषज्ञ के रूप में प्रो. अंजू बिष्ट, विभागाध्यक्ष, गृह विज्ञान विभाग तथा डॉ. बिपिन चन्द्र पाठक, प्राणी विज्ञान विभाग उपस्थित रहे। दोनों विशेषज्ञों ने प्रतिभागी टीमों के विचारों और प्रस्तुतियों का अवलोकन किया तथा विद्यार्थियों को अपने विचारों को और अधिक प्रभावी बनाने हेतु महत्वपूर्ण सुझाव एवं मार्गदर्शन प्रदान किया।
ईट राइट यूथ हैकाथॉन का मुख्य आधार तीन प्रमुख स्तंभों — Eat Safe (सुरक्षित भोजन), Eat Healthy (स्वस्थ भोजन) एवं Eat Sustainable (टिकाऊ भोजन) — पर आधारित है। इन्हीं स्तंभों के अंतर्गत विद्यार्थियों को छह प्रमुख उपविषयों पर नवाचार आधारित समाधान प्रस्तुत करने के लिए प्रोत्साहित किया गया, जिनमें खाद्य जनित रोगों एवं संदूषण की रोकथाम, खाद्य प्रबंधन में व्यक्तिगत एवं परिवेशीय स्वच्छता, आहार विविधता एवं संतुलित पोषण, कुपोषण एवं मोटापे से मुकाबला, स्थानीय एवं मौसमी खाद्य पदार्थों का प्रोत्साहन तथा खाद्य हानि एवं खाद्य अपशिष्ट में कमी प्रमुख थे।
कार्यक्रम में महाविद्यालय की विभिन्न टीमों ने अपने नवाचारपूर्ण विचारों को पॉवर प्वाइंट प्रस्तुति के माध्यम से प्रस्तुत किया। प्रत्येक टीम ने खाद्य सुरक्षा, पोषण जागरूकता तथा सतत खाद्य प्रणाली से संबंधित समस्याओं के समाधान हेतु अपने विचार साझा किए। विशेषज्ञों द्वारा प्रत्येक प्रस्तुति का मूल्यांकन करते हुए विद्यार्थियों को उनके विचारों को और अधिक प्रभावी, व्यावहारिक तथा राज्य स्तर की प्रतियोगिता के अनुरूप बनाने के लिए उपयोगी सुझाव दिए गए।
इस प्रक्रिया के अंतर्गत महाविद्यालय से पाँच टीमों का चयन राज्य स्तरीय ईट राइट यूथ हैकाथॉन के लिए किया गया, जो आगे राज्य स्तर पर अपने नवाचारपूर्ण विचार प्रस्तुत करेंगी।
कार्यक्रम में प्रो. टी. सी. पाण्डेय, प्रो. अनीता जोशी, प्रो. प्रेम प्रकाश, प्रो. शुभ्रा काण्डपाल, डॉ. सविता भण्डारी, डॉ. रेनू रावत, डॉ. तनुजा मेलकानी, डॉ. ललित मोहन जोशी, डॉ. पूनम रानी तथा नेहा पाण्डेय सहित अन्य शिक्षकों की गरिमामयी उपस्थिति रही। सभी शिक्षकों ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें राज्य स्तर की प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएँ दीं।
कार्यक्रम के अंत में प्रो. टी. सी. पाण्डेय ने सभी विशेषज्ञों, शिक्षकों एवं प्रतिभागी विद्यार्थियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम युवाओं में नवाचार, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने आशा व्यक्त की कि महाविद्यालय की चयनित टीमें राज्य स्तर पर भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर महाविद्यालय का नाम रोशन करेंगी।


More Stories
महादेव प्राइवेट आईटीआई फेरूपुर मे “जीनस पावर इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड” उत्तराखण्ड द्वारा जॉब प्लेसमेंट हेतु कैम्पस इंटरव्यू का आयोजन
गंगा स्वच्छता पखवाड़े में किया गया, ” गंगा स्वच्छता शपथ ” का आयोजन
विशेष शिविर के छठवें दिवस पर छात्रों ने प्लैंक प्रतियोगिता तथा छात्राओं ने बैडमिंटन एवं मेहंदी प्रतियोगिता में किया प्रतिभाग