उत्तराखंड; राज्य में मौसम के मिजाज को देखकर बुधवार को केदारनाथ यात्रा स्थगित कर दी गई है।
ऋषिकेश, श्रीनगर से ही यात्रा को रोक दिया गया है। पुलिस महानिदेशक ने यात्रियों से खराब मौसम को देखते हुए सहयोग की अपील की है।
मौसम विभाग ने उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों के साथ चारों धामों में बुधवार को भी बर्फबारी का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग की ओर से उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में भारी बारिश और बर्फबारी का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
पुलिस अधीक्षक डॉ. विशाखा अशोक भदाणे ने बताया कि रुद्रप्रयाग, तिलवाड़ा, फाटा, सोनप्रयाग में पुलिस ने हजारों यात्रियों को रोक दिया है।
बताते चलें कि चारधाम यात्रा में केदारनाथ हेली सेवा के लिए बुधवार को आईआरसीटीसी का पोर्टल खुलेगा। इसके तहत आठ, नौ व दस मई के लिए बुकिंग की जाएगी।
बीते मंगलवार को सोनप्रयाग से सुबह 6 से सुबह 10.30 बजे तक 9000 यात्री केदारनाथ के लिए रवाना हुए। जबकि 4500 यात्रियों को रोका गया।
वहीं मौसम विभाग ने उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ के 3200 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में 5 मई तक मध्यम बर्फबारी और ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। संवेदनशील इलाकों में भूस्खलन-चट्टान गिरने से सड़कें अवरुद्ध होने का भी अनुमान है। जबकि, मैदानी इलाकों में भारी बारिश की संभावना है। राज्य में कहीं-कहीं गर्जना के साथ आकाशीय बिजली चमकने और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की भी संभावना है।
5 मई तक भारी बारिश/बर्फबारी की संभावना को देखते हुए मौसम विभाग ने संबंधित अधिकारियों को चारधाम यात्रा में यात्रियों की संख्या नियंत्रित करने की सलाह दी है। यात्रियों, वाहन चालकों को सावधान रहने और संभव हो तो यात्रा स्थगित करने की सलाह दी है।


More Stories
हरिद्वार: गुरुकुल कांगड़ी समविश्वविद्यालय के 123वें वार्षिकोत्सव का ‘प्रोत्साहन’ 21 कुण्डीय वैदिक यज्ञ के साथ शुभारम्भ
डॉ. बी.आर. आंबेडकर की जयंती के उपलक्ष्य में ‘विज़न, इमैजिनेशन एंड द अनफिनिश्ड मिशन’ पर अंतर-महाविद्यालयी वेबिनार आयोजित
राजकीय महाविद्यालय नैनबाग में दो दिवसीय वार्षिक क्रीड़ा प्रतियोगिता का समापन