देहरादून: भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत विजिलेंस टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बिजली विभाग के एक जूनियर इंजीनियर (जेई) को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
आरोपी उपभोक्ता से बिजली कनेक्शन जारी करने और विद्युत भार बढ़ाने के नाम पर 80,000 रुपये की अवैध मांग कर रहा था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता ने सतर्कता अधिष्ठान में शिकायत दर्ज कराई थी कि देहरादून में पथरी बाग स्थित 33/11 केवी बिजलीघर में तैनात जेई अतुल कुमार उससे उसकी पत्नी के नाम पर खरीदे गए अपार्टमेंट में बिजली कनेक्शन दिलाने और विद्युत लोड बढ़ाने के एवज में 80 हजार रुपये की मांग कर रहा है।
शिकायत मिलने के बाद सतर्कता अधिष्ठान द्वारा मामले की प्रारंभिक जांच की गई, जिसमें आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए। इसके बाद विजिलेंस देहरादून की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप ऑपरेशन तैयार किया।
निर्धारित योजना के तहत विजिलेंस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी जेई अतुल कुमार को शिकायतकर्ता से 80 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। विजिलेंस टीम आरोपी से पूछताछ कर रही है और उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


More Stories
नागालैंड में आयोजित होने वाले पूर्वोत्तर युवा महोत्सव के लिए महाविद्यालय नानकमत्ता के कपिल राणा का चयन
गजा: ग्राम पंचायत पलास मे भी ग्राम सुधार समिति का गठन, रंग ला रही है शराब विरोधी मुहिम
राजकीय महाविद्यालय, मजरा महादेव में गंगा स्वच्छता पखवाड़े के अन्तर्गत भाषण प्रतियोगिता का आयोजन