March 22, 2026

Naval Times News

निष्पक्ष कलम की निष्पक्ष आवाज

राजकीय महाविद्यालय पौखाल में उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय की टीम का निरीक्षण, नए अध्ययन केंद्र को लेकर दी महत्वपूर्ण जानकारी

पौखाल, टिहरी गढ़वाल : आज दिनांक 21 मार्च 2026 को इंदर सिंह रावत राजकीय महाविद्यालय, पौखाल में उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय की टीम ने नए अध्ययन केंद्र का स्थलीय निरीक्षण किया।

यह निरीक्षण विश्वविद्यालय के माननीय कुलपति प्रो. नवीन चंद्र लोहनि एवं क्षेत्रीय निदेशक श्री अनिल कंडारी जी की अध्यक्षता में संपन्न हुआ, जिसमें महाविद्यालय की भौतिक एवं शैक्षणिक स्थिति का जायज़ा लिया गया।

निरीक्षण के उपरांत विश्वविद्यालय की टीम ने गोद लिए गए मोलनो गाँव में आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में सहभागिता की। इस अवसर पर ग्रामीणों एवं विद्यार्थियों को इस नए अध्ययन केंद्र में संचालित होने वाले विभिन्न पाठ्यक्रमों—बीए, एमए, डिप्लोमा तथा सर्टिफिकेट कोर्स—की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। टीम ने उच्च शिक्षा के प्रसार एवं दूरस्थ क्षेत्रों तक शिक्षा की पहुँच सुनिश्चित करने की दिशा में इस केंद्र को महत्वपूर्ण बताया।

कार्यक्रम में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य व्यक्तियों की भी सक्रिय भागीदारी रही। जिला पंचायत सदस्य श्री गम्भीर सिंह भंडारी, ग्राम प्रधान श्री रणजीत लाल तथा महाविद्यालय के वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. बी. आर. भद्री ने टीम का स्वागत एवं मार्गदर्शन किया।

इस दौरान श्री भंडारी द्वारा एक मांग पत्र प्रस्तुत किया गया, जिसमें महाविद्यालय को विश्वविद्यालय का परीक्षा केंद्र घोषित किए जाने की मांग प्रमुख रूप से रखी गई।

भ्रमण के दौरान कुलपति प्रो. लोहनि ने महाविद्यालय में संचालित राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के सात दिवसीय विशेष शिविर में भी शामिल हुए। एन एस एस प्रभारी डॉ. पुष्पा झाबा द्वारा बेच अलंकरण से कुलपति महोदय एवं सभी का स्वागत किया।

उन्होंने स्वयंसेवियों से संवाद स्थापित करते हुए उनके कार्यों की सराहना की तथा उन्हें राष्ट्र सेवा के प्रति समर्पित रहने के लिए प्रेरित किया। अपने संबोधन में उन्होंने शिक्षा और सामाजिक सेवा के समन्वय को युवाओं के समग्र विकास के लिए आवश्यक बताया।

इस निरीक्षण एवं संवाद कार्यक्रम से क्षेत्र में उच्च शिक्षा के नए अवसरों के द्वार खुलने की संभावना प्रबल हुई है। स्थानीय लोगों एवं विद्यार्थियों में अध्ययन केंद्र की स्थापना से उत्साह का माहौल देखने को मिला।

इस अवसर पर महाविद्यालय के योगाचार्य श्री प्रकाश बिजलवान कर्मचारीगण श्री राजेंद्र सिंह राणा, श्रीमती कुसुमलता, श्री मनोज राणा, श्री उत्तम सिंह रावत एवं श्री गंभीर उपस्थित रहे।

About The Author