February 28, 2026

Naval Times News

निष्पक्ष कलम की निष्पक्ष आवाज

हरिद्वार: धनौरी पी.जी. कॉलेज में ‘विज्ञान जागरूकता सप्ताह’ के पांचवें दिन पीपीटी प्रेजेंटेशन का आयोजन

  • छात्रों ने तकनीकी कौशल से दी वैज्ञानिक विषयों पर प्रस्तुति

​हरिद्वार ,27 फरवरी2026 : धनौरी पी.जी. कॉलेज, धनौरी द्वारा Indian Association of Physics Teachers – Asian Physics Olympiad (IAPT–APhO) के सहयोग से राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित ‘विज्ञान जागरूकता सप्ताह’ (23 फरवरी से 28 फरवरी, 2026) के अंतर्गत आज पांचवें दिन पीपीटी प्रेजेंटेशन (PPT Presentation) का आयोजन किया गया।

इस विज्ञान जागरूकता सप्ताह का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में डिजिटल साक्षरता, वैज्ञानिक नवाचार और प्रस्तुतीकरण क्षमता का विकास करना है। आज की प्रतियोगिता के लिए कुल 11 पंजीकरण प्राप्त हुए थे, जिनमें से 10 प्रतिभागियों ने तकनीकी माध्यमों का कुशलतापूर्वक उपयोग करते हुए विभिन्न वैज्ञानिक विषयों पर अपनी प्रभावी प्रस्तुतियां दीं।

​इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) विजय कुमार ने छात्र-छात्राओं को प्रोत्साहित करते हुए एक अत्यंत प्रेरणादायक वक्तव्य दिया। उन्होंने चींटी का उदाहरण देते हुए विद्यार्थियों को सीख दी कि जिस प्रकार एक नन्हीं चींटी निरंतर चलती रहती है और मार्ग में बाधाएं आने पर भी कभी हार नहीं मानती, उसी प्रकार विद्यार्थियों को भी अपने लक्ष्य की प्राप्ति के लिए निरंतर प्रयत्नशील रहना चाहिए और जीवन में कभी रुकना नहीं चाहिए।

उन्होंने कहा कि निरंतरता ही सफलता की कुंजी है और विज्ञान का क्षेत्र भी इसी सतत प्रयास और शोध पर टिका है।

​उप-प्राचार्या एवं शिक्षा विभागाध्यक्ष डॉ. अलका सैनी ने अपने संबोधन में कहा कि पीपीटी प्रेजेंटेशन जैसी गतिविधियाँ विद्यार्थियों को सैद्धांतिक ज्ञान के साथ-साथ आधुनिक तकनीकी संचार में दक्ष बनाती हैं, जो उनके शैक्षणिक और बौद्धिक विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है।

​आज की प्रतियोगिता के लिए निर्णायक मंडल में उप-प्राचार्या डॉ. अलका सैनी, जंतु विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. राखी बालियान एवं भौतिकी विभाग के सहायक आचार्य डॉ. वरुण कुमार शामिल रहे। निर्णायक मंडल ने सभी 10 प्रस्तुतियों का विषय सामग्री, तकनीक और अभिव्यक्ति के आधार पर मूल्यांकन किया।

कार्यक्रम का सफल मंच संचालन भौतिकी विभाग के डॉ. सुशील कुमार द्वारा किया गया, जिन्होंने अपने प्रभावशाली एवं प्रेरक संचालन से कार्यक्रम को गरिमामय बनाया। कार्यक्रम के अंत में समस्त सहायक आचार्यों एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारियों को उनके सक्रिय सहयोग हेतु धन्यवाद ज्ञापित किया गया।

आज की पीपीटी प्रतियोगिता और पूरे सप्ताह की अन्य गतिविधियों के विजेताओं को ‘विज्ञान जागरूकता सप्ताह’ के समापन समारोह (28 फरवरी, 2026) के अवसर पर पुरस्कृत किया जाएगा।

About The Author