November 14, 2026

Naval Times News

निष्पक्ष कलम की निष्पक्ष आवाज

आर्य समाज बीएचईएल के 62वें वार्षिकोत्सव के दुसरे दिन 7 वर्षीय श्रुति ने सामवेद के 400 मंत्रों का गान कर जीता सभी का दिल

संजीव शर्मा, हरिद्वार। आर्य समाज सेक्टर-1, बीएचईएल हरिद्वार के 62वें वार्षिकोत्सव के दूसरे दिन शनिवार को भव्य पांच कुंडीय यज्ञ का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में आर्य समाजियों ने आहुतियां दीं।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण 7 वर्षीय बालिका श्रुति रहीं, जिन्होंने सामवेद की पद्धति के अनुसार संध्या कराकर और सामवेद के 400 मंत्रों का सस्वर गान कर उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया।

अंगवस्त्र व माला पहनाकर किया गया सम्मानित

छोटी सी उम्र में वेदों के प्रति अद्भुत समर्पण और संस्कृत भाषा पर अच्छी पकड़ को देखते हुए संस्था के अध्यक्ष एवं बीएचईएल नई दिल्ली के पूर्व कार्यकारी निदेशक डॉ. बलवीर तलवार और मुख्य अतिथि उत्तराखंड संस्कृत संस्थान के सचिव प्रोफेसर विनय विद्यालंकार ने श्रुति को अंगवस्त्र और माला पहनाकर सम्मानित किया। श्रुति बचपन से ही आर्य समाज की शिक्षा-दीक्षा में पली-बढ़ी हैं और संस्कृत में वेदों के श्लोकों का शुद्ध उच्चारण करती हैं। शनिवार को यज्ञ की मुख्य यजमान रहीं श्रुति ने कहा कि यज्ञ करने से मन को आत्मिक शांति मिलती है।

भजन, प्रवचन और ऋषि लंगर का हुआ आयोजन

इस अवसर पर यज्ञ के ब्रह्मा व मुख्य अतिथि प्रोफेसर विनय विद्यालंकार, अध्यक्ष डॉ. बलवीर तलवार, आचार्य डॉ. रामकृष्ण शास्त्री, संस्था के संरक्षक ओपी बत्रा, मंत्री मदन सिंह, कोषाध्यक्ष राकेश गुप्ता और कार्यक्रम संयोजक आचार्य योगेंद्र मेधावी ने अपने विचार रखे। कार्यक्रम के दौरान मधुर भजन, आध्यात्मिक प्रवचन और ऋषि प्रसाद लंगर का भी आयोजन किया गया।

31 कुंडीय यज्ञ की पूर्णाहुति के साथ आज होगा समापन

वार्षिकोत्सव का समापन रविवार को सामवेद पारायण 31 कुंडीय यज्ञ की पूर्णाहुति के साथ होगा। समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में परमार्थ निकेतन ऋषिकेश के परमाध्यक्ष स्वामी चिदानंद मुनि शिरकत करेंगे।

About The Author