May 12, 2026

Naval Times News

निष्पक्ष कलम की निष्पक्ष आवाज

भूगोल विषय में फील्ड सर्वेक्षण का विशेष महत्व- डॉ. शांति सिंह

हरिद्वार: धनौरी पी.जी. कॉलेज, धनौरी के भूगोल विभाग द्वारा आयोजित दो दिवसीय भौगोलिक शिविर का द्वितीय दिवस दिनांक 08/05/2026 को सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। शिविर का नेतृत्व भूगोल विभागाध्यक्ष डॉ. शांति सिंह द्वारा किया गया।

इस अवसर पर डॉ. आनंद प्रकाश (सहायक आचार्य), डॉ. राहुल कुमार (सहायक आचार्य) एवं प्रयोगशाला सहायक नूतन सैनी सहित समस्त छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

द्वितीय दिवस में M.A. चतुर्थ सेमेस्टर के छात्र-छात्राओं को Plane Table Survey, Dumpy Level तथा Prismatic Compass द्वारा क्षेत्रीय सर्वेक्षण का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया। विद्यार्थियों को विभिन्न सर्वेक्षण विधियों के माध्यम से क्षेत्रीय मानचित्रण, दिशा निर्धारण, ऊँचाई मापन तथा स्थलाकृतिक अध्ययन की जानकारी दी गई। यह प्रशिक्षण उनके प्रयोगात्मक पाठ्यक्रम का महत्वपूर्ण हिस्सा रहा।

डॉ. शांति सिंह ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि भूगोल विषय में फील्ड सर्वेक्षण का विशेष महत्व है। इस प्रकार के शिविर छात्र-छात्राओं को वास्तविक परिस्थितियों में कार्य करने का अनुभव प्रदान करते हैं तथा उनमें तकनीकी दक्षता एवं आत्मविश्वास का विकास करते हैं। उन्होंने कहा कि आधुनिक सर्वेक्षण उपकरणों का ज्ञान विद्यार्थियों को भविष्य में शोध एवं रोजगार के क्षेत्र में नई दिशा प्रदान करेगा।

महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) विजय कुमार ने भूगोल विभाग के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के भौगोलिक शिविर समय-समय पर आयोजित किए जाने चाहिए। ऐसे शिविर विद्यार्थियों को आत्मनिर्भर बनने, स्वयं निर्णय लेने तथा व्यावहारिक ज्ञान प्राप्त करने में सहायक सिद्ध होते हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा का वास्तविक उद्देश्य विद्यार्थियों को व्यवहारिक एवं तकनीकी रूप से सक्षम बनाना है।

शिविर में किए गए सर्वेक्षण कार्यों के आधार पर छात्र-छात्राओं द्वारा एक विस्तृत रिपोर्ट भी तैयार की जाएगी। विद्यार्थियों ने बताया कि यह दो दिवसीय भौगोलिक शिविर उनके लिए अत्यंत ज्ञानवर्धक रहा तथा उन्होंने अपने गुरुजनों के मार्गदर्शन में अनेक नई तकनीकों एवं सर्वेक्षण विधियों को व्यावहारिक रूप से सीखा।

कार्यक्रम के अंत में सभी छात्र-छात्राओं ने भूगोल विभाग एवं महाविद्यालय प्रशासन का आभार व्यक्त किया।

About The Author