राजकीय कला कन्या महाविद्यालय, कोटा के चित्रकला विभाग द्वारा दिनांक 13 जनवरी 2025 को वार्षिक चित्र प्रदर्शनी “सृजन” का आयोजन किया गया। इस प्रदर्शनी में महाविद्यालय के चित्रकला विभाग की छात्राओं द्वारा बनाए गए 75 चित्र प्रदर्शित किए गए।
इस वर्ष इस चित्रकला प्रदर्शनी का मुख्य विषय “सशक्त भारतीय नारी” रखा गया था। अतः छात्राओं ने विविध क्षेत्रों में अपना अभूतपूर्व योगदान देकर इतिहास में अपना नाम अमर करने वाली भारतीय महिलाओं के व्यक्ति चित्रों का निर्माण कर उनके प्रति अपनी श्रद्धा समर्पित की।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कोटा लघु चित्र शैली के विख्यात चित्रकार श्री शंभू सिंह जी चौबदार थे। श्री चौबदार जी ने अपने व्याख्यान के माध्यम से छात्राओं को कोटा-बूंदी की पारंपरिक लघु चित्र शैली की महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की एवं डेमोंसट्रेशन के द्वारा भी उनका ज्ञानवर्धन किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय प्राचार्य प्रो. सीमा चौहान द्वारा की गई। प्राचार्य जी ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर छात्राओं के प्रयासों की सराहना की और उनका उत्साहवर्धन किया।
प्राचार्य जी ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि जिस भी छात्रा को जिस भी कार्य में रुचि है उसके अनुसार उसे महाविद्यालय द्वारा प्लेटफार्म प्रदान किया जाएगा ताकि आगे जाकर भावी जीवन में वह उसे प्रोफेशन के रूप में अपना सके।
महाविद्यालय की वरिष्ठ संकाय सदस्य डॉ. अनीता तंबोली ने छात्राओं को अपने उद्बोधन द्वारा रंगों के महत्व और उनके संयोजन की बारीकी की जानकारी प्रदान की। कार्यक्रम में मंच संचालन चित्रकला विषय की छात्रा तन्वी शर्मा और प्राची शक्तावत द्वारा किया गया, इस कार्य में डॉ. दीप्ति जोशी ने उन्हें सहयोग प्रदान किया और उनका मार्गदर्शन किया।
महाविद्यालय के समस्त संकाय सदस्यों ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर छात्राओं के कार्य की प्रशंसा की। प्रदर्शनी में भाग लेने वाली सभी छात्राओं को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। अंत में डॉ. प्रियंका वर्मा द्वारा सभी को धन्यवाद ज्ञापित किया गया।


More Stories
महाविद्यालय चिन्यालीसौड़ में कन्या भ्रूण हत्या एवं महिला सशक्तिकरण विषय पर पोस्टर/स्लोगन प्रतियोगिता आयोजित
स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी परिवार समिति राष्ट्रीय कार्यकारिणी की अर्ध वार्षिक बैठक दिल्ली में संपन्न
राजकीय महाविद्यालय नानकमत्ता में छात्र संघ निर्वाचन 2026-27 को लेकर महाविद्यालय एवं पुलिस प्रशासन की संयुक्त बैठक आयोजित