November 3, 2026

Naval Times News

निष्पक्ष कलम की निष्पक्ष आवाज

महाविद्यालय मालदेवता के गृह विज्ञान के विद्यार्थियों ने शैक्षणिक भ्रमण में सीखे प्राथमिक चिकित्सा एवं आपातकालीन प्रबंधन के गुर

देहरादून, 2 नवंबर 2026। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, मालदेवता रायपुर, के गृह विज्ञान विभाग द्वारा एम.एससी. गृह विज्ञान (फूड एंड न्यूट्रिशन) प्रथम सेमेस्टर एवं बी.एससी. गृह विज्ञान पंचम सेमेस्टर के विद्यार्थियों के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, मालदेवता, रायपुर, देहरादून में शैक्षणिक भ्रमण का आयोजन किया गया। इस भ्रमण का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को प्राथमिक चिकित्सा, स्वास्थ्य सेवाओं एवं आपातकालीन परिस्थितियों में आवश्यक उपचार संबंधी व्यावहारिक जानकारी प्रदान करना था।

भ्रमण के दौरान स्वास्थ्य केंद्र की वरिष्ठ फार्मासिस्ट श्रीमती अमिता द्विवेदी ने विद्यार्थियों को प्राथमिक चिकित्सा के विभिन्न पहलुओं से अवगत कराया। उन्होंने कुत्ते के काटने, निम्न रक्तचाप, हीट स्ट्रोक तथा अन्य आपातकालीन परिस्थितियों में आवश्यक प्राथमिक उपचार एवं सावधानियों की जानकारी दी। साथ ही रक्तचाप मापने की विधि का व्यावहारिक प्रदर्शन भी किया गया, जिसमें विद्यार्थियों को रक्तचाप मापने की सही प्रक्रिया, उपकरण के उपयोग तथा रीडिंग समझने के बारे में विस्तार से बताया गया।

गृह विज्ञान विभाग की प्रभारी डॉ. डिम्पल भट्ट ने कहा कि इस प्रकार के शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों को कक्षा में अर्जित सैद्धांतिक ज्ञान को वास्तविक परिस्थितियों से जोड़ने का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने बताया कि खाद्य एवं पोषण विज्ञान के विद्यार्थियों के लिए स्वास्थ्य सेवाओं तथा प्राथमिक चिकित्सा की व्यावहारिक जानकारी अत्यंत महत्त्वपूर्ण है। इससे विद्यार्थियों में स्वास्थ्य जागरूकता, आत्मविश्वास एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित होती है।

महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. वी. पी. अग्रवाल ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि अनुभवात्मक शिक्षा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्त्वपूर्ण माध्यम है। ऐसे शैक्षणिक भ्रमण न केवल उनके ज्ञान एवं कौशल में वृद्धि करते हैं, बल्कि उन्हें भविष्य की व्यावसायिक चुनौतियों के लिए भी तैयार करते हैं।

भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की तथा स्वास्थ्य विशेषज्ञों से अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया। यह शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों के लिए ज्ञानवर्धक, व्यावहारिक एवं उपयोगी रहा।

About The Author