देवेंद्र सक्सेना, कोटा: आज दिनांक 18 अगस्त 2026 को राजकीय कला कन्या महाविद्यालय, कोटा में “आध्यात्मिक जागरूकता के माध्यम से नशा मुक्ति” विषय पर एक विशेष व्याख्यान का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. सीमा चौहान ने की। मुख्य वक्ता के रूप में ब्रह्माकुमारी केंद्र, कोटा से श्री प्रदीप गुप्ता जी उपस्थित रहे। उनके साथ ब्रह्माकुमारी केंद्र कोटा संभाग की प्रभारी उर्मिला जी, एम.बी.एस. नगर केंद्र की प्रभारी प्रीति जी एवं दिव्या जी भी मंच पर मौजूद थीं। मंच संचालन तंबाकू निषेध समिति की प्रभारी डॉ. दीप्ति जोशी द्वारा किया गया।
मुख्य वक्ता श्री प्रदीप गुप्ता जी ने अपने संबोधन में कहा कि नशा केवल शरीर को ही नहीं, बल्कि मन और आत्मा को भी कमजोर बनाता है।
उन्होंने आध्यात्मिक जागरूकता को नशा मुक्ति का सबसे प्रभावी माध्यम बताया और कहा कि जब व्यक्ति अपने वास्तविक स्वरूप यानी आत्मा का ज्ञान प्राप्त करता है, तब वह नशे जैसे नकारात्मक व्यसनों से सहज रूप से मुक्त हो जाता है। उन्होंने छात्राओं को नियमित राजयोग ध्यान, सकारात्मक सोच और शुद्ध जीवनशैली अपनाने की सलाह दी।
उन्होंने कहा कि नशा मुक्ति केवल इच्छाशक्ति से नहीं, बल्कि आंतरिक शक्ति और आध्यात्मिक ज्ञान से संभव है। ब्रह्माकुमारी उर्मिला जी ने छात्राओं को माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी द्वारा चलाए जा रहे 10 करोड़ नशा मुक्ति प्रतिज्ञा महा अभियान की जानकारी प्रदान की, नशा मुक्ति की प्रतिज्ञा दिलवाई एवं नशा मुक्ति संबंधी नारे लगवाए।
अध्यक्षीय उद्बोधन देते हुए प्राचार्य डॉ. सीमा चौहान ने कहा कि युवा पीढ़ी को नशे के दुष्प्रभावों से बचाना समाज और शिक्षा संस्थानों की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने तंबाकू निषेध समिति द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि आध्यात्मिक मूल्यों के माध्यम से छात्राओं में आत्मविश्वास, संयम और जागरूकता विकसित होती है, जिससे वे नशे जैसे कुव्यसनों से दूर रह सकती हैं। उन्होंने सभी छात्राओं से अपील की कि वे स्वयं स्वस्थ रहें और दूसरों को भी नशा मुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करें।
कार्यक्रम में महाविद्यालय की तंबाकू निषेध समिति की स्वयंसेविकाओं एवं अन्य छात्राओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया।
कार्यक्रम के अंत में तंबाकू निषेध समिति की सदस्य MkW- dfork eh.kk ने सभी अतिथियों, प्राचार्य महोदया तथा उपस्थित छात्राओं का आभार व्यक्त किया।
यह आयोजन छात्राओं में आध्यात्मिक जागरूकता बढ़ाकर नशा मुक्ति के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने के उद्देश्य से किया गया।


More Stories
महाविद्यालय चिन्यालीसौड़ में विशेषज्ञ व्याख्यान एवं अभिभावक उन्मुखीकरण कार्यक्रम का हुआ आयोजन
शिक्षक निलंबन के विरोध में अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ कोटा ने प्रधानमंत्री मुख्यमंत्री और राज्यपाल के नाम सौंपा ज्ञापन
कोटा: राजकीय वाणिज्य महाविद्यालय कोटा में वृदह पौधारोपण एवं मतदाता चौपाल सम्पन्न