देवेंद्र सक्सेना,कोटा, 31 अक्टूबर 2026: राजकीय कला कन्या महाविद्यालय, कोटा में आज राष्ट्रीय सेवा योजना की चारों इकाइयों के संयुक्त तत्वावधान में “राष्ट्रीय एकता दिवस” का गरिमामयी आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के अंतर्गत “राष्ट्र की एकता और अखंडता में युवाओं की भूमिका” विषय पर भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता के निष्पक्ष मूल्यांकन हेतु डॉ. बीनू कुमावत, डॉ. मिथलेश सोलंकी और श्री यादराम मीणा ने निर्णायक मंडल की भूमिका निभाई। 
इस अवसर पर निर्णायक डॉ. बीनू कुमावत, सहायक आचार्य, राजनीति विज्ञान ने अपने उद्बोधन में राष्ट्रीय एकता दिवस के ऐतिहासिक महत्व, प्रासंगिकता तथा देश की एकता बनाए रखने में युवाओं के उत्तरदायित्व पर विस्तार से प्रकाश डाला।
इसी सत्र में डॉ. मिथलेश सोलंकी, सहायक आचार्य इतिहास ने अपने उद्बोधन में जर्मनी और भारत के एकीकरण की तुलनात्मक चर्चा करते हुए इसमें ‘बिस्मार्क’ की ऐतिहासिक भूमिका और सरदार पटेल की प्रासंगिकता पर बहुत ही सुंदर एवं विस्तृत प्रकाश डाला।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. सीमा चौहान ने की। उन्होंने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल की दूरदर्शिता एवं दृढ़ इच्छाशक्ति ने आधुनिक भारत को एक सूत्र में पिरोने का महत्वपूर्ण कार्य किया। युवा पीढ़ी को उनके आदर्शों का अपने जीवन में अनुसरण करना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान प्राचार्या डॉ. सीमा चौहान के नेतृत्व में महाविद्यालय की स्वयंसेविकाओं और संकाय सदस्यों ने देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने के लिए राष्ट्रीय एकता की शपथ ली।
भाषण प्रतियोगिता में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता में महाविद्यालय की नियमित छात्रा सुश्री कोमल सामरिया ने प्रथम स्थान, अंजना जावा ने द्वितीय स्थान एवं प्रिया नायक ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
कार्यक्रम में कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती शाहिस्ता बानो एवं श्री धन्नाराम गुर्जर उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती वंदना ने किया।
अंत में राष्ट्रीय सेवा योजना प्रभारी डॉ. गिरेंद्र पाल सिंह ने सभी निर्णायकों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।



More Stories
उज्जैन: राष्ट्रीय एकता दिवस पर जीआरपी की प्रधान आरक्षक सुश्री शिल्पा मौसिया ‘नायिका सम्मान 2026’ से विभूषित
हरिद्वार: 38 वर्षों की सराहनीय सेवा के बाद होमगार्ड प्रमोद कुमार सेवानिवृत्त, यातायात पुलिस ने दी भावभीनी विदाई
कलियर: होटल में नाबालिग से दुष्कर्म और वीडियो वायरल करने की धमकी देने वाला फरार आरोपी दानिश गिरफ्तार