November 14, 2026

Naval Times News

निष्पक्ष कलम की निष्पक्ष आवाज

लखनऊ: ऑनलाइन बाजार को टक्कर देने के लिए एकजुट हुए व्यापारी, ऑफलाइन खरीदारी को बढ़ावा देने का लिया संकल्प

लखनऊ। आदर्श व्यापारी एसोसिएशन (इंदिरा नगर) की ओर से इंदिरा नगर स्थित कार्यालय पर भव्य दीपावली व्यापारी मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता इकाई अध्यक्ष आकाश अग्रवाल ने की। इस दौरान ऑनलाइन व्यापार के बढ़ते प्रभाव के बीच स्थानीय व ऑफलाइन बाजार को मजबूत करने की रणनीति पर गहन विचार-विमर्श किया गया।
सोशल मीडिया और जनसंपर्क से स्थानीय व्यापार बढ़ाने का आह्वान
बैठक में सर्वसम्मति से यह तय किया गया कि व्यापारी आपस में एक-दूसरे के प्रतिष्ठानों से अधिक से अधिक खरीदारी करें। साथ ही, सोशल मीडिया स्टेटस, बैनर और व्यापक जनसंपर्क के माध्यम से स्थानीय बाजार का प्रचार-प्रसार करने का आह्वान किया गया।
अध्यक्ष आकाश अग्रवाल ने कहा कि ऑफलाइन व्यापार को सशक्त बनाने के लिए व्यापारियों को आपसी व्यावसायिक संबंध मजबूत करने होंगे। उन्होंने आश्वस्त किया कि संगठन व्यापारियों की समस्याओं के समाधान के साथ-साथ उनके कारोबार को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। वहीं, इंदिरा नगर सचिव शरद मेहरोत्रा ने कहा कि हमें जनसंपर्क और डिजिटल माध्यमों से लोगों को ऑनलाइन के बजाय ऑफलाइन खरीदारी के लिए प्रेरित करना होगा, ताकि स्थानीय क्षेत्र का आर्थिक विकास हो सके।
‘अवध-ए-लखनऊ सम्मान’ से नवाजे गए उत्कृष्ट कार्य करने वाले सदस्य
समारोह के दौरान सामाजिक समरसता और संगठन में उत्कृष्ट योगदान देने वाले पदाधिकारियों व सदस्यों को ‘अवध-ए-लखनऊ सम्मान’ से सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में शरद मेहरोत्रा, आशुतोष अवधवाल, शीतांशु सोनकर, शिवम प्रताप सिंह, हिमांशु सिंह और विनोद शर्मा शामिल रहे।
आतिशबाजी और अल्पाहार के साथ हुआ समापन
कार्यक्रम में प्रतिबिंब गुप्ता, यशपाल सिंह थापा, शुभम मिश्रा, अजित अग्रवाल, इंद्रेश वार्ष्णेय, पुष्पेंद्र रुद्र प्रधान, विवेक सचदेवा, जगदीश सचदेवा और सचिन बनर्जी सहित बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे। अंत में आतिशबाजी और अल्पाहार के साथ समारोह का उत्साहपूर्वक समापन हुआ।

About The Author