भगवान केदारनाथ जी की पंचमुखी डोली ने आज प्रात: 8.30 बजे तीसरे पड़ाव गौरीमाई मंदिर गौरीकुंड से श्री केदारनाथ धाम के लिए प्रस्थान किया।
बीते 6 मई को देवडोली श्री ओंकारेश्वर मंदिर उखीमठ से श्री विश्वनाथ मंदिर गुप्तकाशी से प्रवास हेतु पहुंची। 7 मई को दूसरे पड़ाव फाटा और 8 मई को देर शाम पंचमुखी डोली गौरीमाई मंदिर गौरीकुंड पहुंची थी।
उल्लेखनीय है कि श्री केदारनाथ धाम के कपाट 10 मई को खुल रहे हैं। भगवान केदारनाथ की चलविग्रह उत्सव पंचमुखी मूर्ति की देवडोली को कई दशक से श्री बदरीनाथ केदारनाथ मंदिर समिति के स्वयंसेवक एवं हक-हकूकधारी पांवों में बिना कुछ पहने पैदल चलकर शीतकालीन गद्दीस्थल श्री ओंकारेश्वर मंदिर उखीमठ से श्री केदारनाथ धाम तक पहुंचाते हैं।
आज पंचमुखी डोली के केदारनाथ प्रस्थान के समय श्रद्धालुओं तथा गौरीगांव के स्कूली बच्चों ने बाबा केदार का जय घोष कर पुष्प वर्षा की। केदारनाथ पैदल मार्ग पर जिला प्रशासन, पुलिस, गढ़वाल मंडल विकास निगम तथा स्थानीय दुकानदारों ने देव डोली का स्वागत किया।
बीकेटीसी के मीडिया प्रभारी डॉ. हरीश गौड़ ने बताया कि देश- विदेश के सैकड़ों श्रद्धालु भी डोली यात्रा के साथ केदारनाथ जा रहे हैं।


More Stories
हरिद्वार: 27 एवं 28 जून को होगा श्री शिव गंगा उत्सव सीजन 2 का आयोजन
हरिद्वार में पिछड़ा वर्ग संयुक्त मोर्चा का गठन, 5 जुलाई को होगी विशाल ओबीसी महापंचायत
हरिद्वार: बच्चा चोरी की अफवाह पर युवक को खंभे से बांधकर पीटा