November 8, 2026

Naval Times News

निष्पक्ष कलम की निष्पक्ष आवाज

सोमवती स्नान पर्व: हरिद्वार पुलिस ने जारी किया रूट प्लान, भारी वाहनों की शहर में ‘नो एंट्री’, जानिए पूरा प्लान

हरिद्वार। दिनांक 09 नवंबर 2026 को होने वाले पवित्र सोमवती स्नान पर्व के मद्देनजर हरिद्वार पुलिस और प्रशासन ने यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए विस्तृत ट्रैफिक और डायवर्जन प्लान जारी कर दिया है। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ की संभावना को देखते हुए दिनांक 08.11.2026 की रात्रि 12:00 बजे से स्नान पर्व की समाप्ति तक हरिद्वार शहर क्षेत्र में सभी भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह से प्रतिबंधित कर दिया गया है।

यातायात का दबाव बढ़ने पर भारी वाहनों को बॉर्डर पर ही रोक दिया जाएगा। इसके अलावा, टोल प्लाजा पर भीड़ कम करने के लिए नहर पटरी मार्ग का उपयोग किया जाएगा और चीला मार्ग को ऋषिकेश से केवल बाहर निकलने (एक्जिट) के लिए खोला जाएगा।

विभिन्न राज्यों से आने वाले वाहनों के लिए रूट और पार्किंग प्लान
बाहरी राज्यों और शहरों से आने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए प्रशासन ने निम्नलिखित मार्ग और पार्किंग स्थल तय किए हैं:
    • दिल्ली, मेरठ, मुजफ्फरनगर और पंजाब से आने वाले वाहन: यह यातायात नारसन, मंगलौर, गुरुकुल कांगड़ी और शंकराचार्य चौक होते हुए हरिद्वार पहुंचेगा। इनके लिए बैरागी कैंप, बीएचईएल और ऋषिकुल मैदान में पार्किंग बनाई गई है। दबाव अत्यधिक बढ़ने पर इन वाहनों को नगला इमरती से लक्सर-फेरूपुर के रास्ते बैरागी कैंप पार्किंग में भेजा जाएगा।
    • दिल्ली, पंजाब और हरियाणा से देहरादून/ऋषिकेश जाने वाला ट्रैफिक: अत्यधिक दबाव होने पर इन वाहनों को सहारनपुर, भगवानपुर, बिहारीगढ़ और मोहंड के रास्ते देहरादून व ऋषिकेश भेजा जाएगा।
    • मुरादाबाद और नजीबाबाद से आने वाले वाहन: छोटे वाहनों को चिड़ियापुर और श्यामपुर होते हुए नीलधारा व गौरीशंकर पार्किंग में भेजा जाएगा। बड़े वाहनों को 4.2 किमी पहले ही डायवर्ट कर गौरीशंकर-नीलधारा पार्किंग में पार्क कराया जाएगा।
    • देहरादून और ऋषिकेश से आने वाले श्रद्धालु: नेपाली फार्म और रायवाला होते हुए हरिद्वार पहुंचेंगे और इनके वाहन लालजीवाला पार्किंग में खड़े किए जाएंगे। वहीं, चारधाम (गंगोत्री, यमुनोत्री, बद्रीनाथ, केदारनाथ) से दिल्ली-मेरठ या नजीबाबाद जाने वाले वाहन नेपाली फार्म, रायवाला और चंडीचौक होते हुए अपने गंतव्य को निकलेंगे।


ऑटो, विक्रम और ई-रिक्शा के लिए सख्त नियम: इन रास्तों पर रहेगी पूर्ण पाबंदी
शहर के भीतर जाम की स्थिति से निपटने के लिए स्थानीय सार्वजनिक वाहनों के लिए कड़े प्रतिबंध लागू किए गए हैं:
    • ललतारा पुल से शिवमूर्ति तक पाबंदी: इस मार्ग पर सभी प्रकार के विक्रम, ऑटो रिक्शा और टैक्सियों का आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
    • ई-रिक्शा नो एंट्री जोन: देवपुरा चौक से लेकर शिवमूर्ति चौक के अंदरूनी हिस्से तक समस्त ई-रिक्शा और ई-ऑटो के प्रवेश पर पूर्ण पाबंदी (नो एंट्री) रहेगी।
    • विक्रम व ऑटो का डायवर्जन: देहरादून-ऋषिकेश की तरफ से आने वाले विक्रम और ऑटो को केवल फोरलेन जयराम मोड़ तक ही आने दिया जाएगा। ज्वालापुर, बीएचईएल और पुल जटवाड़ा से आने वाले विक्रम/ऑटो शिवमूर्ति तिराहे से तुलसी चौक की ओर डायवर्ट होकर कनखल जाएंगे या फिर मायापुर फायर सर्विस से देवपुरा चौक होते हुए वापस लौटेंगे। बैरागी कैंप पार्किंग से आने वाले थ्री-व्हीलर शंकराचार्य चौक और तुलसी चौक से यू-टर्न लेकर वापस जाएंगे।

यातायात पुलिस ने सभी श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों से अपील की है कि वे असुविधा से बचने के लिए इस यातायात प्लान का पालन करें और पुलिस प्रशासन का सहयोग करें।

About The Author