November 7, 2026

Naval Times News

निष्पक्ष कलम की निष्पक्ष आवाज

राजकीय महाविद्यालय कमांद में महिला सुरक्षा एवं जागरूकता विषयक कार्यशाला आयोजित

कमांद, 6 नवंबर 2026:  राजकीय महाविद्यालय कमांद, टिहरी गढ़वाल में महाविद्यालय के महिला प्रकोष्ठ के तत्वावधान में छात्राओं को सुरक्षित एवं भयमुक्त वातावरण प्रदान करने तथा उन्हें महिला सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से एक कार्यशाला का आयोजन किया गया।

कार्यशाला का शुभारंभ महाविद्यालय की प्राचार्या प्रोफेसर गौरी सेवक द्वारा किया गया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा के प्रति जागरूकता अत्यंत आवश्यक है। प्रत्येक छात्रा को अपने अधिकारों, व्यक्तिगत सुरक्षा एवं उपलब्ध सहायता सुविधाओं की जानकारी होनी चाहिए, ताकि किसी भी विषम परिस्थिति में वह आत्मविश्वास के साथ उचित कदम उठा सके।

उन्होंने गौरा शक्ति ऐप की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए बताया कि यह महिलाओं को पुलिस सहायता से जोड़ने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने छात्राओं को इस ऐप को अपने मोबाइल में डाउनलोड करने तथा इसकी सुविधाओं का लाभ उठाने के लिए प्रोत्साहित किया। साथ ही उन्होंने डिजिटल सुरक्षा एवं स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता के महत्व पर भी बल दिया।

इस अवसर पर महिला प्रकोष्ठ प्रभारी डॉ. शेफाली शुक्ला ने महिला प्रकोष्ठ के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए छात्राओं को गौरा शक्ति ऐप की डाउनलोड एवं पंजीकरण प्रक्रिया तथा इसकी SOS सुविधा की जानकारी दी।

उन्होंने आभा (ABHA) आईडी के लाभ बताते हुए कहा कि इसके माध्यम से व्यक्ति अपने स्वास्थ्य संबंधी रिकॉर्ड एवं जाँच रिपोर्ट डिजिटल रूप में सुरक्षित रख सकता है तथा आवश्यकता पड़ने पर चिकित्सकों के साथ साझा कर सकता है। साथ ही उन्होंने 112 (राष्ट्रीय आपातकालीन सहायता), 1090 (उत्तराखंड महिला हेल्पलाइन), 181 (महिला हेल्पलाइन), 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन) एवं 1930 (साइबर वित्तीय धोखाधड़ी हेल्पलाइन) जैसे महत्वपूर्ण नंबरों की जानकारी देते हुए छात्राओं को आवश्यकता पड़ने पर इनका उपयोग करने तथा अपने मोबाइल में सुरक्षित रखने के लिए प्रेरित किया।

कार्यशाला में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया तथा दी गई जानकारियों में विशेष रुचि दिखाई। इस दौरान छात्राओं ने गौरा शक्ति ऐप डाउनलोड किया और उसके उपयोग की प्रक्रिया को समझा। कार्यशाला महिला सुरक्षा एवं जागरूकता की दिशा में उपयोगी एवं सार्थक सिद्ध हुई।

कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापक डॉ. राकेश मोहन नौटियाल, डॉ. दीपक राणा, डॉ. प्रवीन एवं डॉ. बीना रानी उपस्थित रहे।

About The Author