डा0 संदीप भारदॄाज,एनटीन्यूज़, हरिद्वारः हरिद्वार में बिजली कर्मचारियों ने मांगों को लेकर एक फिर तल्ख तेवर दिखाए हैं। शनिवार को चीला विद्युत गृह के गेट पर ऊर्जा के समस्त संगठनों से जुड़े अधिकारी और कर्मचारियों ने विद्युत अधिकारी-कर्मचारी संयुक्त संघर्ष मोर्चा के पूर्व निर्धारित कार्यक्रमों के तहत गेट मीटिंग की मीटिंग में शनिवार से रोजाना शाम 5 बजे से सुबह 10 बजे तक विरोध स्वरूप अपने मोबाइल बंद रखने का निर्णय लिया गया।
कर्मचारी नेताओं ने कहा कि एक माह से अधिक की अवधि बीत जाने के बावजूद बीती 27 जुलाई को ऊर्जा मंत्री के साथ वार्ता में बनी सहमति के अनुरूप 14 सूत्रीय मांगों को पूरा नहीं किया गया है। ऊर्जा मंत्री ने समझौता करते हुए मांगों को पूरा करने का भरोसा दिलाया था। मांगें पूरी न होने पर बैठक में अधिकारी और कर्मचारियों द्वारा निगम प्रबंधन व उत्तराखंड शासन के प्रति रोष प्रकट किया गया। सभी ने एकजुट रहते हुए दोबारा से आंदोलन के लिए रणनीति बनाने की बात कही।
कर्मचारी नेताओं ने सरकार से शीघ्र ही समस्याओं का समाधान करने की अपील करते हुए कहा कि उन्हें हड़ताल के लिए बाध्य न किया जाए। सभा का संचालन विकास उपाध्याय एवं अध्यक्षता मोहम्मद अनीस ने की।
बैठक में संविदा कार्मिकों की समान कार्य समान वेतन तथा नियमित कर्मचारियों की एसीपी की पुरानी 9-14-19 वर्ष की व्यवस्था, रिक्त पदों पर पदोन्नति, भत्तों का रिवीजन, पुरानी पेंशन व्यवस्था, बोनस आदि मुद्दों पर चर्चा की गई। प्रत्येक मंगलवार एवं शनिवार को होने वाली गेट मीटिंग में शत-प्रतिशत भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया गया।
बैठक में बीडी भट्ट, भगवान सिंह, मनोज कुमार, अरविंद बहुगुणा, अंकुर गोयल, विवेक कुमार, राजेश कुमार, अमित कुमार, अमित राघव, प्रवीण चौरसिया, राजेश दीपक, रविंद्र सैनी, राम बाबू, पृथ्वी पाल, रजत आदि शामिल रहे।



More Stories
भेल वर्कर्स यूनियन (HMS) का 35वाँ स्थापना दिवस संपन्न, केंद्रीय श्रमिक नेता हरभजन सिंह सिद्धू ने भरी हुंकार
धामी कैबिनेट के बड़े फैसले: 26 प्रस्तावों पर लगी मुहर, हरिद्वार में दो विश्वविद्यालय की स्थापना को स्वीकृति
सत्ता बचाने के लिए संवैधानिक संस्थाओं का हो रहा दुरुपयोग, SIR के बहाने वोट छीन रही BJP’—कांग्रेस विधायक आफताब अहमद