October 26, 2026

Naval Times News

निष्पक्ष कलम की निष्पक्ष आवाज

भेल वर्कर्स यूनियन (HMS) का 35वाँ स्थापना दिवस संपन्न, केंद्रीय श्रमिक नेता हरभजन सिंह सिद्धू ने भरी हुंकार

संजीव शर्मा, 23 अक्टूबर, हरिद्वार:  भेल वर्कर्स यूनियन (HMS), भेल हरिद्वार का 35वाँ स्थापना दिवस भारी उत्साह, जोश और श्रमिक एकता के संकल्प के साथ धूमधाम से मनाया गया।

इस गरिमामयी कार्यक्रम में हिंद मजदूर सभा (HMS) के राष्ट्रीय महासचिव एवं केंद्रीय श्रमिक नेता कामरेड हरभजन सिंह सिद्धू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

हरिद्वार रेलवे स्टेशन पर उनके आगमन पर यूनियन पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, मुरादाबाद मंडल के रीजनल अधिकारियों तथा एनआरएमयू रेलवे-HMS के पदाधिकारियों ने ढोल-नगाड़ों के साथ उनका भव्य स्वागत किया। इसके बाद भेल कारखाना परिसर में कामरेड सिद्धू ने कार्यपालक निदेशक श्री रंजन कुमार एवं महाप्रबंधक (मानव संसाधन) श्रीमती सुमति शर्मा से श्रमिकों के मुद्दों पर वार्ता की। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए यूनियन कार्यालय परिसर में कचनार एवं नीम के औषधीय पौधों का वृक्षारोपण भी किया गया।

बोनस, वेज रिवीजन और श्रमिक अधिकारों पर बुलंद की आवाज

सेक्टर-1 स्थित सामुदायिक केंद्र में आयोजित मुख्य समारोह में सैकड़ों श्रमिकों एवं यूनियन सदस्यों की उपस्थिति रही। सभा को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि कामरेड हरभजन सिंह सिद्धू ने दीपावली से पूर्व बेहतर बोनस भुगतान, बेहतर वेज रिवीजन, मेडिकल डिपेंडेंसी, ओवरटाइम, मृतक आश्रितों की भर्ती में आरक्षण, मेडिकल पॉलिसी, संविदा श्रमिकों के ड्यूटी डेज और सेवानिवृत्त कर्मचारियों के लाभ जैसे गंभीर मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।

उन्होंने उपस्थित जनसैलाब को प्रेरित करते हुए कहा कि श्रमिकों की सबसे बड़ी ताकत उनकी एकजुटता है और मजबूत ट्रेड यूनियन आंदोलन के जरिए ही अधिकारों व सुरक्षित भविष्य की लड़ाई जीती जा सकती है। बोनस और कर्मचारियों के आर्थिक हितों पर उनके प्रभावी वक्तव्य से उपस्थित श्रमिकों में भारी उत्साह देखा गया। कार्यक्रम का सफल संचालन यूनियन महामंत्री श्री हंसराज कटारिया एवं मंत्री श्री नफीस अहमद ने किया।

1992 से निरंतर जारी है संघर्ष का सफर

भेल वर्कर्स यूनियन (HMS) वर्ष 1992 से भेल हरिद्वार में श्रमिकों के अधिकारों, सम्मान एवं हितों के लिए निरंतर आवाज बुलंद कर रही है। इस स्थापना दिवस ने संगठन की संघर्षशील परंपरा को और मजबूत किया। यूनियन की कार्यशैली से प्रभावित होकर श्री अमरजीत सहित कई नए श्रमिकों ने संगठन की सदस्यता भी ग्रहण की।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि का स्वागत करने वालों में यूनियन अध्यक्ष श्री यशोदानंदन ओझा, उपाध्यक्ष श्री राधेश्याम सिंह, मीडिया सचिव/मंत्री श्री आशुतोष शर्मा, श्री हर प्रताप सिंह, संगठन मंत्री श्री संदीप रोहिल्ला, श्री जगदीश शर्मा, श्री राजीव अनुराग, श्री परितोष कुमार, श्री पीयूष मित्तल, श्री श्रीपाल सिंह, श्री अशोक कुमार शर्मा, श्री राकेश शुक्ला, श्री अर्जुन कुमार एवं श्री सुनील कुमार सहित कई पदाधिकारी और वरिष्ठ साथी उपस्थित रहे।

About The Author