अनूप कुमार, हरिद्वार: हरिद्वार की धार्मिक एवं आध्यात्मिक पहचान को और अधिक सशक्त बनाने के उद्देश्य से आत्मचिंतनम् परिवार एवं मनु मन की आवाज फाउंडेशन द्वारा एक महत्वपूर्ण पहल की गई है।
संस्थाओं ने जिलाधिकारी मयूर दीक्षित को प्रस्ताव सौंपते हुए आगामी कुम्भ मेले से पूर्व हरिद्वार क्षेत्र के सभी फ्लाईओवर, गंगा ब्रिज एवं सेतुओं के नाम माँ गंगा के विभिन्न स्वरूपों एवं नामों पर रखने की मांग की है।
प्रस्ताव में कहा गया कि हरिद्वार विश्व प्रसिद्ध गंगा नगरी एवं धार्मिक आस्था का केंद्र है। यहां आने वाले श्रद्धालु और तीर्थ यात्री सबसे पहले विभिन्न पुलों, फ्लाईओवर और गंगा सेतुओं के माध्यम से ही शहर में प्रवेश करते हैं।
यदि इन सेतुओं को माँ गंगा के पावन नामों से जोड़ा जाता है तो श्रद्धालुओं को धार्मिक और आध्यात्मिक वातावरण का विशेष अनुभव होगा। इससे न केवल शहर की सांस्कृतिक पहचान मजबूत होगी बल्कि स्थानीय लोगों और पर्यटकों के मन में भी गंगा के प्रति श्रद्धा और जुड़ाव बढ़ेगा।
संस्थाओं की ओर से कुछ सार्थक और उपयोगी नामों के सुझाव भी जिलाधिकारी को सौंपे गए। बताया गया कि प्रस्ताव को जिलाधिकारी ने सकारात्मक रूप से लेते हुए इस विषय पर जल्द बैठक आयोजित करने का आश्वासन दिया है।
इस अवसर पर डॉ. मनु शिवपुरी, अभिनंदन गुप्ता (संरक्षक एवं कोषाध्यक्ष आत्मचिंतनम् परिवार), मधुर मोहन शर्मा (समाजसेवी) तथा अंकुर पालीवाल (महामंत्री आत्मचिंतनम् परिवार) सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


More Stories
हरकी पैड़ी पर महिला श्रद्धालुओं से छेड़छाड़ और मारपीट, आरोपी गिरफ्तार
बडेरना स्कूल में कृषि विभाग द्वारा फार्मर आईडी एवं पीएम किसान समस्याओं के समाधान हेतु विशेष शिविर का आयोजन
हरिद्वार: माटी कला बोर्ड में गैर प्रजापति समाज के लोगों को दायित्व सौंपे जाने पर प्रजापति समाज नाराज,पुनर्विचार करने की मांग