July 12, 2026

Naval Times News

निष्पक्ष कलम की निष्पक्ष आवाज

हरिद्वार: गुरुकुल कांगड़ी समविश्वविद्यालय में 200 आर्य वीरों का उपनयन संस्कार सम्पन्न

हरिद्वार,12 जुलाई 26 : गुरुकुल कांगड़ी समविश्वविद्यालय में चल रहे आर्य वीर दल एवं आर्या वीरांगना दल के आवासीय प्रशिक्षण शिविर के छठे दिन 200 शिविरार्थियों का वैदिक रीति से उपनयन संस्कार संपन्न कराया गया।
यह शिविर 13 जुलाई तक आयोजित किया जा रहा है, जिसमें उत्तर भारत के विभिन्न जनपदों और शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थी भाग ले रहे हैं।

वैदिक विद्वान प्रो. सत्यदेव निगमालंकार के मार्गदर्शन में 5-कुण्डीय यज्ञ के माध्यम से उपनयन संस्कार सम्पन्न हुआ। उन्होंने अपने दीक्षा उपदेश में सत्य, सदाचार, सेवा, संयम और राष्ट्रभक्ति जैसे जीवन मूल्यों को अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि चरित्र निर्माण ही वास्तविक शिक्षा का आधार है।

संस्कार के बाद सभी आर्य वीरों और आर्या वीरांगनाओं ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ नशा एवं दुर्व्यसनों से दूर रहने तथा शाकाहारी एवं सात्विक जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।

मुख्य वक्ता डॉ. नरेन्द्र आर्य ने कहा कि केवल धन या शिक्षा प्राप्त कर लेना पर्याप्त नहीं है, बल्कि चरित्र ही जीवन को सही दिशा और स्थायी सफलता प्रदान करता है। उन्होंने युवाओं को नैतिक मूल्यों और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया।

शिविर के प्रातःकालीन सत्र में बौद्धिक, चरित्र निर्माण और कार्यकुशलता से संबंधित गतिविधियां आयोजित की गईं, जबकि सायंकालीन सत्र में आत्मरक्षा, दंड संचालन, शस्त्र संचालन और नियमित व्यायाम का प्रशिक्षण दिया गया।

कार्यक्रम का संचालन डॉ. संदीप वेदालंकार, डॉ. अंकित कुमार और डॉ. मनोज कुमार ने किया, जबकि सह-संचालन डॉ. मयंक पोखरियाल ने किया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कई प्राध्यापक, प्रशिक्षक और प्रशिक्षिकाएं उपस्थित रहीं।

छोटी हेडिंग: गुरुकुल कांगड़ी में 200 आर्य वीरों का उपनयन संस्कार

About The Author