हरिद्वार: जनपद के झबरेड़ा थाना क्षेत्र में गुरुवार को कोटवाल आलमपुर गांव के समीप दो बाइकों की आमने-सामने की टक्कर में एक बुजुर्ग व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि उसके पुत्र सहित दो अन्य युवक गंभीर घायल हो गए। घायलों को उपचार हेतु अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच में जुट गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान मुरारी (58 वर्ष) निवासी बरुकी गांव, जिला मुजफ्फरनगर के रूप में हुई है। वह अपने बेटे आयुष कुमार के साथ मोटरसाइकिल से रिश्तेदारी में झबरेड़ा की ओर जा रहा था। जब दोनों कोटवाल आलमपुर गांव के निकट पहुंचे, तो सामने से तेज गति में आ रही एक अन्य बाइक से उनका संतुलन बिगड़ गया और दोनों वाहन आमने-सामने टकरा गए।
दूसरी बाइक पर सवार युवक की पहचान आनंद, निवासी दुगछाड़ी, थाना देवबंद, जिला सहारनपुर के रूप में हुई है। इस टक्कर में तीनों व्यक्ति बुरी तरह से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए झबरेड़ा के सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मुरारी को मृत घोषित कर दिया। वहीं आयुष और आनंद को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
थाना प्रभारी निरीक्षक अजय सिंह ने जानकारी बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों बाइकों की रफ्तार काफी तेज थी और संतुलन बिगड़ने के कारण यह टक्कर हुई। मामले में विधिक कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि यदि परिजन तहरीर देते हैं तो मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।


More Stories
हरिद्वार: धनौरी पी.जी. कॉलेज में आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी का सफलतापूर्वक समापन
हरिद्वार: जनपद के सभी स्कूलों, कॉलेजों, और तकनीकी शिक्षण संस्थानों में 30 जुलाई से 11 अगस्त 2026 तक अवकाश घोषित, कांवड़ मेला के चलते लिया निर्णय
हरिद्वार: चमगादड़ टापू क्षेत्र में आज भी अतिक्रमण के खिलाफ की जा रही है कार्यवाही