हरिद्वार, 19 जुलाई: भारत मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून द्वारा जारी मौसम पूर्वानुमान के अनुसार 20 जुलाई को जनपद हरिद्वार में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा की संभावना जताते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
लगातार वर्षा के कारण नदी-नालों के जलस्तर में वृद्धि की आशंका को देखते हुए जिला प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाए हैं। लिहाजा कल 20 जुलाई को भी हरिद्वार जनपद में सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद रहेंगे।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने आपदा प्रबंधन अधिनियम-2005 की धारा 30(2) के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए छात्रहित एवं बाल्यहित को ध्यान में रखते हुए जनपद के सभी राजकीय, परिषदीय, सहायता प्राप्त, मान्यता प्राप्त निजी विद्यालयों तथा सभी आंगनबाड़ी केंद्रों का संचालन 20 जुलाई 2026 (सोमवार ) को पूर्णतः बंद रखने के आदेश जारी किए हैं।आदेश का उल्लंघन करने वाले शिक्षण संस्थानों के खिलाफ आपदा प्रबंधन अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। जिला प्रशासन ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे नदी-नालों के किनारे जाने से बचें और जलभराव वाले क्षेत्रों में विशेष सावधानी बरतें। किसी भी आपातकालीन स्थिति में तुरंत जिला आपदा नियंत्रण कक्ष को सूचित करें।



More Stories
हरिद्वार: रेलिंग पार कर गहरे पानी में उतरे 3 कांवड़िये, 2 लापता और 1 को जल पुलिस ने बचाया
कांवड़ यात्रा: गंगा की तेज धार में फंसे 44 श्रद्धालुओं का अब तक किया गया सफल रेस्क्यू
शिव भक्त कावड़ियों की सेवा ही शिव की आराधना- देवेंद्र प्रजापति