हरिद्वार: लक्सर क्षेत्र स्थित गरीब बच्चों के लिए चलने वाले एक आश्रम में पढ़ने वाली दो बालिकाएं आश्रम से भागकर सैदाबाद गांव पहुंच गई।
बालिकाओं को डरा सहमा देख ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली। बालिकाओं ने आश्रम प्रबंधन पर उत्पीड़न का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह आश्रम में शिक्षा ग्रहण कर रही 10 व 15 साल की दो बालिकाएं आश्रम से निकालकर लक्सर कोतवाली क्षेत्र के नेतवाला सैदाबाद गांव पहुंच गई। बालिकाओं को सड़क पर अकेले डरा सहमा देख एक ग्रामीण उन्हें अपने घर ले गया। उनसे जानकारी लेने के बाद मामले की सूचना पुलिस को दी।
सूचना पर पुलिस गांव पहुंची और बालिकाओं से जानकारी ली। बालिकाओं ने आश्रम प्रबंधन पर मारपीट का आरोप लगाते हुए बताया कि आश्रम में उनसे अन्य काम कराए जाते हैं।
पुलिस बालिकाओं को कोतवाली लेकर आने के साथ ही आश्रम प्रबंधक को भी कोतवाली लाई। पुलिस ने घटना की जानकारी बालिकाओं के परिजनों को भी दे दी है।
सूचना मिलने पर मुजफ्फरनगर निवासी बालिका के परिजन कोतवाली पहुंचे और लड़की को अपने साथ ले गए। दिल्ली निवासी बालिका के परिजन अभी तक नहीं पहुंचे। इस मामले पर आश्रम प्रबंधन ने बालिकाओं के साथ मारपीट के आरोप पूरी तरह से गलत बताते हुए कहा कि छोटी वाली बालिका अभी दो महीने पहले ही आश्रम में आई थी। उसका यहां मन नहीं लग रहा था। जिसके कारण वह दूसरी बालिका को भी अपने साथ आश्रम से लेकर निकल गई।
कोतवाली वरिष्ठ उपनिरीक्षक मनोज गैरोला ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। अभी तक कोई लिखित तहरीर नहीं मिली है।तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
बताते चलें कि 10 वर्षीय बालिका दिल्ली व 15 वर्षीय बालिका मुजफ्फरनगर उत्तर प्रदेश निवासी बताई जा रही है। ये बालिकाएं आश्रम में शिक्षा ग्रहण कर रही हैं। लक्सर कोतवाली क्षेत्र में स्थित आश्रम में निराश्रित एवं निर्धन बालिकाएं शिक्षा ग्रहण करती हैं।


More Stories
हरिद्वार: गंगा दशहरा/निर्जला एकादशी स्नान मेला पर्व की ब्रीफिंग सम्पन्न, डीएम व एसएसपी ने किया मेले में नियुक्त पुलिस फोर्स को ब्रीफ
हरिद्वार: दो बाघों की हत्या मामले में बड़ी कार्रवाई, श्यामपुर रेंज अधिकारी हटाए गए
आराजकतावादियों का नया विदेशी टूलकिट षड्यंत्र फेल , भारत जिम्मेदार युवाओं का देश-अरविन्द सिसोदिया