उत्तराखंड: लंबे इंतजार के बाद कांग्रेस कमेटी ने देर रात उत्तराखंड विधान सभा चुनाव के लिए 53 प्रत्याशियों की पहली लिस्ट जारी कर दी है।

हल्द्वानी से सुमित हृदयेश को टिकट दिया गया है। जबकी लालकुआं, रामनगर व कालाढूंगी समेत 17 सीटों का फैसला अभी नहीं हो सका है।

नई दिल्ली में शनिवार रात करीब 11 बजकर 40 मिनट पर पार्टी महासचिव मुकुल वासनिक की ओर से प्रत्याशियों के नामों की घोषणा की गई।

जारी लिस्ट के अनुसार सुमित ह्रदयेश हल्द्वानी, यशपाल आर्या बाजपुर से चुनाव लड़ेंगे तो उनके बेटे संजीव नैनीताल से चुनाव लड़ेंगेे। हरिद्वार से सतपाल ब्रह्मचारी, गोविंद कुंजवाल जागेश्वर से तो करन माहरा रानीखेत से प्रत्यशी बनाए गए हैं। जबकी सितारगंज से नवतेज पाल सिंह को प्रत्याशी बनाया गया है। खटीमा से भुवन कापड़ी को प्रत्याशी बनाया गया है। रूद्रपुर सीट मीना शर्मा को सौंपी गई है तो किच्छा से तिलक राज बेहड़ के टिकट दिया गया है। अल्मोड़ा से मनोज तिवारी कांग्रेस के प्रत्याशी होंगें ।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि टिकट के लिए कई ने दावेदारी की है। सभी को टिकट देना संभव नहीं है। कांग्रेस की सरकार बनने पर सभी का ध्यान रखा जाएगा।

पहली सूची में केवल 3 महिलाओं को टिकट

उत्तर प्रदेश में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने महिलाओं को 40 फीसदी सीटें देने का एलान किया है। यूपी में महिलाओं को घोषणा के अनुरूप 40 फीसदी सीटें दी भी जा रही हैं। लेकिन पार्टी उत्तराखंड में इस फार्मूले पर चलती नजर नहीं आ रही है। अगर 40 फीसदी के फार्मूले से चलें तो 53 नामों में से कम से कम 21 टिकट महिलाओं को मिलने चाहिए। पार्टी ने 53 की सूची में केवल 3 महिलाओं के नाम है।

List of congress candidates in uttarakhand