हरिद्वार, 28 अप्रैल। युवा कांग्रेस की प्रदेश सहप्रभारी हरनीत कौर बरार ने कहा कि भाजपा विपक्ष पर महिलाओं को आरक्षण देने का विरोध करने का झूठा आरोप लगा रही है। जबकि सच्चाई यह है कांग्रेस समेत पूरा विपक्ष महिलाओं को आरक्षण देने के पक्ष में है।
महिलाओं को आरक्षण देने के लिए 2023 में सरकार द्वारा संसद में लाए गए बिल का कांग्रेस सहित सभी विपक्षी दलों ने समर्थन किया था। जबकि तत्कालीन यूपीए सरकार द्वारा जब सदन में महिला आरक्षण बिल लाया गया था तो भाजपा ने बिल का विरोध किया था।
प्रैस क्लब में पत्रकारों से वार्ता करते हुए हरनीत कौर बरार ने कहा कि पांच प्रदेशों में चल रहे चुनाव के बीच सरकार ने अचानक से संसद का विशेष सत्र बुलाकर 2023 में पारित महिला आरक्षण बिल की आड़ में डिलीमिटेशन करने का जो प्रयास किया।
उसका विपक्ष ने विरोध किया और सरकार के मंसूबों को कामयाब नहीं होने दिया। लेकिन सरकार विपक्ष पर महिला आरक्षण बिल का विरोध करने का झूठा आरोप लगा रही है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा महिलाओं को अधिकार देने की पक्षधर रही है। देश के आजाद होने के बाद कांग्रेस सरकार ने महिलाओं को वोट का अधिकार दिया। पंचायतों और नगर निकायों में महिलाओं के लिए सीटें आरक्षित कर महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित की।
महानगर अध्यक्ष अंकुर सैनी ने कहा कि भाजपा सरकार में महिलाओं के प्रति अपराध बढ़े हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ही महिलाओं की सच्ची हितैषी है। प्रैसवार्ता में दिव्यांश अग्रवाल, राकेश गुप्ता, अबरार अली, यश शर्मा, महबूब आलम, धनीराम शर्मा, पूजा शर्मा, उत्कर्ष वालिया आदि युवा कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।


More Stories
हरिद्वार- मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने श्रीराम कथा के समापन समारोह में लिया भाग
हरिद्वार: मनरेगा में बड़ा फर्जीवाड़ा उजागर, रोडवेज का संविदा परिचालक को दर्शाया मजदूर
हरिद्वार: लक्सर के 23 गांवों में जमीन की खरीद-फरोख्त और लैंड यूज चेंज पर रोक