कोटद्वार: कोटद्वार क्षेत्र के लिए यह गौरव का विषय है कि चार NSS स्वयंसेवकों का चयन 25 अक्टूबर से 31 अक्टूबर 2026 तक राष्ट्रीय युवा केंद्र, गढ़पुरी, हरियाणा में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय एकीकरण शिविर (National Integration Camp) के लिए हुआ है।
यह शिविर “Yuva for My Bharat” एवं “Yuva for Digital Literacy” थीम पर आयोजित किया जा रहा है।
राष्ट्रीय एकीकरण शिविर में प्रतिभाग करने वाले स्वयंसेवकों में कुनाल बिष्ट एवं प्रियांशी बिष्ट, डैफोडिल पब्लिक स्कूल, कोटद्वार; मेहफूज़ एसजीआरआर, कोटद्वार; तथा कुमकुम रावत सरस्वती विद्या मंदिर, जानकी नगर, कोटद्वार शामिल हैं। ये सभी स्वयंसेवक शिविर में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे।
इस अवसर पर राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी एवं उत्तराखंड टीम के प्रभारी श्री शंकर बहादुर ने बताया कि स्वयंसेवकों का चयन युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय द्वारा निर्धारित मानदंडों के अनुसार किया गया है। चयन प्रक्रिया में My Bharat Portal/App पर स्वयंसेवक का पंजीकरण एक महत्वपूर्ण अनिवार्य मानदंड था। इसके अतिरिक्त स्वयंसेवकों की NSS गतिविधियों में सहभागिता, नेतृत्व क्षमता, सामाजिक कार्यों में योगदान तथा राष्ट्रीय स्तर पर उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करने की योग्यता को भी ध्यान में रखा गया।
श्री शंकर बहादुर ने राष्ट्रीय एकीकरण शिविर के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि National Integration Camp (NIC) का उद्देश्य देश के विभिन्न राज्यों एवं क्षेत्रों के युवाओं को एक मंच पर लाकर उनमें राष्ट्रीय एकता, भाईचारा, सांस्कृतिक आदान-प्रदान, नेतृत्व क्षमता, सामाजिक जिम्मेदारी एवं राष्ट्र निर्माण की भावना को मजबूत करना है। शिविर में विभिन्न राज्यों से आए NSS स्वयंसेवक अपनी-अपनी संस्कृति, परंपराओं एवं उपलब्धियों को साझा करते हुए एक-दूसरे को समझने का अवसर प्राप्त करते हैं। साथ ही विभिन्न शैक्षिक, सांस्कृतिक, सामाजिक एवं जागरूकता संबंधी गतिविधियों के माध्यम से युवाओं के व्यक्तित्व विकास पर भी बल दिया जाता है।
चारों स्वयंसेवकों के चयन पर डॉ. सुनेना रावत, राज्य NSS अधिकारी; श्री प्रमेन्द्र कुमार बिष्ट, अपर निदेशक, माध्यमिक शिक्षा, गढ़वाल मंडल पौड़ी; श्री पुष्कर सिंह नेगी, मंडलीय कार्यक्रम समन्वयक, गढ़वाल मंडल NSS, सहित चारों विद्यालयों के प्रधानाचार्यों एवं कार्यक्रम अधिकारियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए स्वयंसेवकों को शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर के इस शिविर में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करना स्वयंसेवकों के लिए गौरव की बात है तथा यह उपलब्धि अन्य युवाओं को भी NSS एवं सामाजिक सेवा की गतिविधियों में सक्रिय रूप से भाग लेने के लिए प्रेरित करेगी।
चारों NSS स्वयंसेवकों के चयन से उनके विद्यालयों एवं पूरे कोटद्वार क्षेत्र में खुशी का माहौल है। स्वयंसेवकों से राष्ट्रीय एकता, डिजिटल साक्षरता एवं युवा सहभागिता के संदेश को आगे बढ़ाने की अपेक्षा की गई है।



More Stories
राजकीय महाविद्यालय चिन्यालीसौड़़ द्वारा, द्वितीय एकदिवसीय शिविरआयोजित
स्नातकोत्तर महाविद्यालय मालदेवता में धूमधाम से हुआ गांधी एवं शास्त्री जयंती का आयोजन
महापुरुषों की जयन्ती पर पुष्प ही न चढ़ाएं, बल्कि उनके आदर्शों को भी जीवन में करें धारण – जितेन्द्र रघुवंशी