April 5, 2026

Naval Times News

निष्पक्ष कलम की निष्पक्ष आवाज

कोतवाली सिडकुल पुलिस की ऑपरेशन ‘प्रहार’ के तहत बड़ी कार्रवाई की, 52 गिरफ्तार

हरिद्वार:  सिडकुल क्षेत्र में सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर हुड़दंग मचाने वालों के खिलाफ कोतवाली सिडकुल पुलिस ने ऑपरेशन ‘प्रहार’ के तहत बड़ी कार्रवाई की।

पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर 52 लोगों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ चालानी कार्रवाई की है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत शनिवार (4 अप्रैल 2026) को कोतवाली सिडकुल पुलिस ने कई टीमों का गठन कर क्षेत्र के सार्वजनिक स्थानों, शराब की दुकानों के आसपास और सड़क किनारे शराब पीकर हंगामा करने वालों के खिलाफ अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस ने अलग-अलग इलाकों से 52 लोगों को पकड़ लिया।

पुलिस के अनुसार, इन सभी के खिलाफ पुलिस एक्ट की धारा 81 के तहत चालानी कार्रवाई की गई। साथ ही आरोपियों से करीब 13 हजार रुपये का संयोजन शुल्क भी वसूला गया।

पुलिस को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि फैक्ट्रियों से छुट्टी के समय कुछ लोग सड़क किनारे बैठकर शराब पीते हैं और वहां से गुजरने वाली महिलाओं पर फब्तियां कसते हैं। इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर यह कार्रवाई की।

कोतवाली सिडकुल पुलिस ने पकड़े गए सभी लोगों को सख्त चेतावनी दी है कि भविष्य में यदि कोई भी व्यक्ति सार्वजनिक स्थान पर शराब पीते या दूसरों को पिलाते पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने और महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए इस तरह के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।

About The Author