June 10, 2026

Naval Times News

निष्पक्ष कलम की निष्पक्ष आवाज

गजा में सरकारी संपत्तियां बनीं निशाना, नगर पंचायत ने दर्ज कराई शिकायत

  • एलईडी लाइट चोरी और पेयजल लाइन क्षतिग्रस्त, प्रशासन सख्त

डीपी उनियाल,गजा:  नगर पंचायत गजा की सार्वजनिक एवं सरकारी संपत्तियों को लगातार नुकसान पहुंचाने और चोरी की घटनाओं से नगर प्रशासन चिंतित है। मामले को गंभीरता से लेते हुए नगर पंचायत अध्यक्ष कुंवर सिंह चौहान ने पुलिस चौकी गजा में तहरीर देकर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

नगर पंचायत अध्यक्ष ने बताया कि क्षेत्र में स्थित सार्वजनिक शौचालयों में तोड़फोड़ की जा रही है, जबकि विभिन्न स्थानों से स्ट्रीट लाइटें और सौर ऊर्जा चालित लाइटें चोरी की जा चुकी हैं। वार्ड संख्या-4 स्थित बौंर डांडा पेयजल पंपिंग लाइन के स्रोत को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया है, जिससे जलापूर्ति व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका बढ़ गई है।

तहरीर के अनुसार खाड़ी रोड स्थित सार्वजनिक शौचालय से वॉश बेसिन और एलईडी बल्ब तोड़े गए हैं। वहीं वार्ड संख्या-2 में पानी की टंकी के पास लगी स्ट्रीट लाइट और सोलर लाइट चोरी कर ली गई। इसके अलावा चाका रोड पर शिखर स्कॉलर्स विद्यालय के समीप लगातार सात एलईडी लाइटें चोरी होने की घटनाएं सामने आई हैं।

नगर पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि कुछ असामाजिक तत्व योजनाबद्ध तरीके से सरकारी संपत्तियों को नुकसान पहुंचा रहे हैं, जिससे जनता की सुविधाएं प्रभावित हो रही हैं और सरकारी धन की हानि हो रही है। उन्होंने पुलिस चौकी प्रभारी मनीष नेगी से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों की पहचान करते हुए उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।

 

About The Author