November 14, 2026

Naval Times News

निष्पक्ष कलम की निष्पक्ष आवाज

घर पर फायरिंग और दीपावली के दिन हमले के प्रयास से दहशत में परिवार, आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग

  • पीड़ित परिवार ने प्रेस वार्ता कर पुलिस प्रशासन से लगाई सुरक्षा की गुहार, हिंदूवादी संगठन के नेता पर लगाया संरक्षण देने का आरोप

हरिद्वार, 13 नवम्बर। टांडा मजादा भोगपुरी निवासी प्रदीप राठौर ने घर पर फायरिंग करने के मामले में मुकद्मा दर्ज कराने के बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने और दीपावली के दिन हमला करने का प्रयास करने का आरोप लगाते हुए आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार करने की मांग की है।

प्रेस क्लब में पत्रकारों से वार्ता करते हुए प्रदीप राठौर ने कहा कि 5 मार्च और 6 मई को गांव में हुए झगड़े के मामले में पीड़ितों की पैरवी करने के कारण उन्हें टारगेट किया जा रहा है। प्रदीप राठौर ने बताया कि 20 सितम्बर को उनके घर पर फायरिंग की गयी। जिसके संबंध में उन्होंने पुलिस को तहरीर देकर मुकद्मा दर्ज कराया था। लेकिन अब तक आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया गया।

उन्होंने बताया कि 8 नवम्बर को वे अपने परिचितों को दीपावली की मिठाई देने गए थे। मिठाई देने के बाद घर लौटते समय धनपुरा क्षेत्र में उन पर हमले का प्रयास किया गया। जिसको लेकर वे और उनका पूरा परिवार भयभीत है।

प्रदीप राठौर की पत्नी दीक्षा ने आरोप लगाया कि हिंदूवादी संगठन के एक नेता द्वारा आरोपी युवकों को संरक्षण दिया जा रहा है। युवक लगातार गांव में शांति व्यवस्था भंग कर रहे हैं और ग्रामवासियों को डराते धमकाते हैं। उनके पति प्रदीप राठौर को भी डराया धमकाया जा रहा है। जिससे पूरा परिवार मानसिक रूप से परेशान है।

उन्होंने पुलिस के आला अधिकारियों से परिवार के जानमाल एवं सुरक्षा की गुहार लगाते हुए आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार किए जाने की मांग की है।

About The Author