July 12, 2026

Naval Times News

निष्पक्ष कलम की निष्पक्ष आवाज

चमोली: प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की जर्जर दीवार गिरने से चिकित्सा प्रभारी डॉ. नवीन डिमरी की मौत

चमोली: राज्य के चमोली जिले के नारायणबगड़ स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) में शनिवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। अस्पताल परिसर की जर्जर बाउंड्रीवाल अचानक भरभराकर गिर गई, जिसकी चपेट में आकर चिकित्सा प्रभारी डॉ. नवीन चंद्र डिमरी गंभीर (45) रूप से घायल हो गए।

उन्हें तत्काल प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया, लेकिन उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अस्पताल परिसर में पहले से क्षतिग्रस्त बाउंड्रीवाल अचानक ढह गई और डॉ. डिमरी उसके मलबे में दब गए। मौके पर मौजूद कर्मचारियों और स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर उन्हें बाहर निकाला। गंभीर चोटों के कारण उनकी हालत नाजुक बनी हुई थी और उन्हें तत्काल उच्च चिकित्सा केंद्र भेजा गया, जहां चिकित्सकों के प्रयासों के बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।

हादसे के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा घटना की जानकारी ली। प्रशासन ने हादसे के कारणों की जांच के आदेश दे दिए हैं।

डॉ. नवीन चंद्र डिमरी के असामयिक निधन से स्वास्थ्य विभाग, स्थानीय जनता और क्षेत्र के लोगों में गहरा शोक व्याप्त है। इस हादसे ने पहाड़ी क्षेत्रों में जर्जर सरकारी भवनों और अस्पतालों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने लंबे समय से क्षतिग्रस्त सरकारी भवनों की मरम्मत की मांग को अनदेखा किए जाने पर भी नाराजगी जताई है।

प्रशासन का कहना है कि हादसे के वास्तविक कारणों की जांच कराई जा रही है और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। साथ ही जिले के अन्य सरकारी भवनों की सुरक्षा का भी परीक्षण कराया जाएगा।

About The Author