जनपद टिहरी गढ़वाल की तहसील धनोल्टी में विजिलेंस ने नाजिर को रंगेहाथों 15 हजार की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। टीम आरोपित से पूछताछ करने में जुटी है।
जानकारी के मुताबिक जनपद टिहरी गढ़वाल की तहसील धनोल्टी में तैनात नाजिर वीरेन्द्र सिंह कैन्तुरा को सतर्कता अधिष्ठान देहरादून की ट्रैप टीम ने 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया। कार्रवाई एक शिकायतकर्ता की ओर से दी गई सूचना के आधार पर की गई।
शिकायतकर्ता ने बताया कि उसकी पत्नी द्वारा 31 जनवरी 2025 को ग्राम छनाड़, थत्यूड़ जौनपुर, जिला टिहरी गढ़वाल में लगभग 1500 वर्ग मीटर भूमि खरीदी गई थी। भूमि की दाखिल खारिज प्रक्रिया में नाजिर वीरेन्द्र सिंह कैन्तुरा जानबूझकर गलत आपत्ति रिपोर्ट लगाकर बाधा उत्पन्न कर रहा था और सही रिपोर्ट लगाने एवं नाम चढ़वाने के बदले में 15 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहा था।
शिकायत पर कार्रवाई करते हुए सतर्कता अधिष्ठान की ट्रैप टीम ने आज तहसील धनोल्टी स्थित कार्यालय से वीरेन्द्र सिंह कैन्तुरा को रिश्वत की रकम लेते हुए गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद टीम ने आरोपित के आवास और अन्य स्थानों पर छानबीन एवं आय से अधिक संपत्ति के संबंध में पूछताछ जारी है।
निदेशक सतर्कता वी. मुरूगेसन ने इस सफल कार्रवाई के लिए ट्रैप टीम को नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।



More Stories
1 साल से फरार चल रहा चोरी का आरोपित हरिद्वार पुलिस की गिरफ्त मे
केंद्रीय जल शक्ति राज्य मंत्री ने किया हरिद्वार का भ्रमण, प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट यूनिट एवं पेयजल योजना का किया निरीक्षण
हरिद्वार: वोट चोरी और अंकिता भंडारी प्रकरण को लेकर कांग्रेस प्रवक्ता डा.रागिनी नायक ने साधा भाजपा पर निशाना