August 27, 2026

Naval Times News

निष्पक्ष कलम की निष्पक्ष आवाज

देवभूमि उद्यमिता योजना 2.0: ओरिएंटेशन के दूसरे दिन 180 विद्यार्थियों ने लिया उत्साहपूर्वक भाग

ऋषिकेश, 6 अगस्त। श्री देव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय के पंडित ललित मोहन शर्मा परिसर में उच्च शिक्षा विभाग, उत्तराखंड सरकार एवं भारतीय उद्यमिता विकास संस्थान (EDII), अहमदाबाद के संयुक्त तत्वावधान में संचालित देवभूमि उद्यमिता योजना 2.0 के ओरिएंटेशन कार्यक्रम के दूसरे दिन करीब 180 विद्यार्थियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को नौकरी तलाशने के बजाय रोजगार सृजक (जॉब क्रिएटर) बनने के लिए प्रेरित करना था। प्रतिभागियों को उद्यमिता विकास, स्टार्टअप, बिजनेस मॉडल, मेंटरशिप, बूट कैंप, पिचिंग, उद्योग विशेषज्ञों के मार्गदर्शन तथा सीड फंडिंग जैसी सुविधाओं की जानकारी दी गई।
जिला समन्वयक सपना नेगी ने कहा कि यह योजना युवाओं को आत्मनिर्भर और नवाचारी उद्यमी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।

वहीं नोडल अधिकारी प्रो. अनीता तोमर ने विद्यार्थियों को स्थानीय संसाधनों, आधुनिक तकनीक और एआई (AI) के उपयोग से नवाचार आधारित स्टार्टअप विकसित करने के लिए प्रेरित किया।

विश्वविद्यालय की छात्रा एवं युवा उद्यमी मान्या राजपाल ने अपनी सफलता की कहानी साझा करते हुए योजना के प्रशिक्षण और मेंटरशिप को अपनी उपलब्धि का आधार बताया।

कार्यक्रम में प्रो. धर्मेन्द्र तिवारी, प्रो. अंजनी प्रसाद दुबे एवं डॉ. शालिनी रावत ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया। समापन पर परिसर निदेशक प्रो. महावीर सिंह रावत ने युवाओं से योजना से जुड़कर आत्मनिर्भर उत्तराखंड के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने स्टार्टअप, सरकारी योजनाओं, वित्तीय सहायता और डिजिटल मार्केटिंग से जुड़े सवाल भी पूछे।

About The Author