धनौरी पी.जी. कॉलेज, धनौरी द्वारा स्वामी विवेकानंद विद्या भारती इंटर कॉलेज, रुड़की में एक दिवसीय आउटरीच प्रोग्राम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत कक्षा 11वीं एवं 12वीं के विद्यार्थियों के लिए करियर काउंसलिंग, उच्च शिक्षा मार्गदर्शन और व्यावहारिक विज्ञान कार्यशाला आयोजित की गई।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के अवसरों से परिचित कराना तथा विज्ञान के प्रति उनकी जिज्ञासा और रुचि बढ़ाना रहा।
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) विजय कुमार के नेतृत्व एवं निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यालय के निदेशक डॉ. राजकुमार उपाध्याय उपस्थित रहे। उन्होंने महाविद्यालय की टीम का स्वागत करते हुए इस शैक्षणिक पहल की सराहना की।
कार्यक्रम में प्राचार्य प्रो. (डॉ.) विजय कुमार, डॉ. अर्पित सिंह, श्रीमती मोनिका मित्तल एवं आउटरीच प्रोग्राम प्रभारी डॉ. नीतू रानी ने विद्यार्थियों से संवाद किया। उन्हें विज्ञान, कला एवं वाणिज्य संकायों में उपलब्ध उच्च शिक्षा के विकल्पों, रोजगारोन्मुख पाठ्यक्रमों और करियर की संभावनाओं की जानकारी दी गई। साथ ही, विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य निर्धारित कर आगे की पढ़ाई जारी रखने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यशाला का विशेष आकर्षण विज्ञान के रोचक एवं व्यावहारिक प्रयोग रहे। इनके माध्यम से विद्यार्थियों को वैज्ञानिक सिद्धांतों और मूल अवधारणाओं को सरल एवं सहज तरीके से समझाया गया। प्रयोगों ने विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, जिज्ञासा और सीखने की उत्सुकता को प्रोत्साहित किया।
प्राचार्य प्रो. (डॉ.) विजय कुमार ने कहा कि व्यावहारिक ज्ञान विद्यार्थियों में नवाचार और वैज्ञानिक सोच विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है तथा उच्च शिक्षा उनके उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है। विद्यालय के निदेशक डॉ. राजकुमार उपाध्याय ने विद्यार्थियों को अनुशासन, निरंतर प्रयास और सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ अपने लक्ष्यों की ओर बढ़ने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में लगभग 80 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। विद्यार्थियों की उच्च शिक्षा, करियर विकल्पों और विज्ञान से संबंधित जिज्ञासाओं का समाधान किया गया। विज्ञान के प्रयोगों के माध्यम से उन्हें वैज्ञानिक सिद्धांतों को समझने, अवलोकन करने और दैनिक जीवन में विज्ञान की उपयोगिता पहचानने के लिए प्रेरित किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षकगण एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



More Stories
महाविद्यालय मालदेवता रायपुर में अंतर महाविद्यालयी दो दिवसीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता का उद्घाटन
हरिद्वार: धनौरी पी.जी. कॉलेज में NSS के तत्वावधान में रक्तदान, नेत्र जाँच एवं स्वास्थ्य जाँच शिविर आयोजित
राजकीय महाविद्यालय नानकमत्ता में वित्तीय साक्षरता एवं कैरियर उन्नयन पर वेबिनार आयोजित