July 23, 2026

Naval Times News

निष्पक्ष कलम की निष्पक्ष आवाज

धनौरी पी.जी. कॉलेज में ICSSR–NRC द्वारा प्रायोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी कल से, तैयारियाँ जोरों पर

दिनांक: 23 जुलाई, 2026: हरिद्वार/धनौरी: धनौरी पी.जी. कॉलेज, हरिद्वार के राजनीति विज्ञान विभाग द्वारा भारतीय सामाजिक विज्ञान अनुसंधान परिषद (ICSSR–NRC) शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार, नई दिल्ली के सहयोग से 24 एवं 25 जुलाई, 2026 को आयोजित होने वाली दो दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी (हाइब्रिड मोड) “भारतीय गणतंत्र के 75 वर्ष : उपलब्धियाँ और चुनौतियाँ” आधारित विषय की तैयारियाँ अंतिम चरण में पहुँच गई हैं। संगोष्ठी के सफल आयोजन हेतु महाविद्यालय परिसर में सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित रूप से अंतिम रूप दिया जा रहा है।

महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) विजय कुमार ने तैयारियों की समीक्षा करते हुए विभिन्न समितियों के पदाधिकारियों के साथ बैठक की तथा सभी व्यवस्थाओं को समयबद्ध एवं प्रभावी ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह राष्ट्रीय संगोष्ठी भारतीय लोकतंत्र की उपलब्धियों एवं समकालीन चुनौतियों पर सार्थक विमर्श का महत्वपूर्ण मंच सिद्ध होगी तथा शिक्षकों, शोधार्थियों एवं विद्यार्थियों को नवीन दृष्टिकोण प्राप्त होगा।

कार्यक्रम में देश के विभिन्न विश्वविद्यालयों एवं उच्च शिक्षण संस्थानों के शिक्षाविद, शोधार्थी एवं विषय विशेषज्ञ प्रतिभाग करेंगे। उद्घाटन एवं तकनीकी सत्रों में महाविद्यालय प्रबंधन समिति के सचिव श्री आदेश कुमार, उत्तराखण्ड संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. रमाकांत पाण्डेय, PVC ग्रुप ऑफ कॉलेज के निदेशक डॉ. इवांशु सैनी तथा उत्तराखण्ड शासन के विशेष कार्याधिकारी डॉ. मृत्युंजय कुमार मिश्र सहित अनेक विशिष्ट अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी।

संगोष्ठी की आयोजन समिति के सदस्य डॉ. अरविंद कुमार श्रीवास्तव (संगोष्ठी संयोजक) ने बताया कि देश के विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में शोध-पत्र प्राप्त हुए हैं तथा प्रतिभागियों के पंजीकरण, तकनीकी सत्रों, आतिथ्य, आवास, भोजन एवं हाइब्रिड माध्यम से ऑनलाइन प्रसारण सहित सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा चुका है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह राष्ट्रीय संगोष्ठी अकादमिक दृष्टि से अत्यंत सफल एवं उपयोगी सिद्ध होगी।

संगोष्ठी के सफल आयोजन हेतु सह-संयोजक डॉ. कल्पना भट्ट एवं संगोष्ठी सचिव डॉ. गौरव कुमार मिश्र सहित आयोजन समिति के सभी पदाधिकारी और सदस्य विभिन्न व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं।

महाविद्यालय परिवार ने सभी शिक्षकों, शोधार्थियों, विद्यार्थियों एवं विषय के अध्येताओं से अधिकाधिक संख्या में प्रतिभाग कर राष्ट्रीय संगोष्ठी को सफल बनाने का आह्वान किया।

About The Author