धनौरी पी.जी. कॉलेज, हरिद्वार द्वारा आयोजित राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के सात दिवसीय विशेष शिविर का सातवां एवं अंतिम दिन 29 मार्च 2026 को संतराम मेमोरियल जूनियर हाई स्कूल, मुलदासपुर तेलीवाला, धनौरी में उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। इस शिविर का सफल संचालन कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अंकुर नेहरा के निर्देशन में हुआ तथा कार्यक्रम का संचालन सुश्री मोनिका रानी द्वारा किया गया। इस अवसर पर डॉ. मीनाक्षी सैनी का विशेष सहयोग भी सराहनीय रहा।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रातःकाल योग एवं व्यायाम से हुई, जिसमें सभी स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इसके पश्चात आयोजित व्याख्यान सत्र में विभिन्न विषय विशेषज्ञों ने अपने विचार प्रस्तुत किए।
सर्वप्रथम डॉ. सीमा पंत ने “युवा एवं नेतृत्व” विषय पर अपने विचार व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों को नेतृत्व क्षमता विकसित करने के लिए प्रेरित किया। इसके उपरांत डॉ. अमित भगत ने “सामाजिक एवं चारित्रिक मूल्यों का संवर्धन” विषय पर महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की।
इसी क्रम में डॉ. राकेश सिंह रावत ने “अनुशासन के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण” विषय पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को अनुशासन के महत्व से अवगत कराया। अंकित कोहली ने योग के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया, वहीं विनय कुमार ने करियर काउंसलिंग एवं तकनीकी शिक्षा के महत्व पर अपने विचार साझा किए।
नरेंद्र कुमार ने प्रबंधन कौशल (मैनेजमेंट) के विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम के दौरान ग्राम प्रधान अली नवाज ने भी अपने विचार रखते हुए NSS शिविरों के महत्व एवं उनके सकारात्मक प्रभावों पर प्रकाश डाला तथा सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।
अंत में पंकज कुमार ने सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रति जागरूकता प्रदान की। इसके अतिरिक्त स्वयंसेवकों द्वारा स्वच्छता जागरूकता रैली भी निकाली गई, जिसके माध्यम से ग्रामीणों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया।
समापन अवसर पर पुरस्कार वितरण एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का समापन हर्षोल्लास एवं सफलतापूर्वक हुआ।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य ने सभी स्वयंसेवकों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के शिविर विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं तथा उनमें सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करते हैं। अंत में कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अंकुर नेहरा ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।


More Stories
चमोली: नंदानगर महाविद्यालय में दो दिवसीय वार्षिक खेल दिवस का आयोजन
हरिद्वार की दर्शिता सैनी ने किया राज्य का नाम रौशन, जीते कई खिताब
हरिद्वार: प्रेस क्लब के चुनाव संपन्न, धर्मेंद्र चौधरी दूसरी बार बने अध्यक्ष, सूर्यकांत बेलवाल बने महामंत्री