August 15, 2026

Naval Times News

निष्पक्ष कलम की निष्पक्ष आवाज

महाराणा प्रताप राजकीय महाविद्यालय नानकमत्ता में हर्षोल्लास से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस

नानकमत्ता:  महाराणा प्रताप राजकीय महाविद्यालय, नानकमत्ता में 15 अगस्त 2026 को देश का 80वाँ स्वतंत्रता दिवस पूरे हर्षोल्लास, गरिमा एवं राष्ट्रभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। कार्यक्रम के प्रारंभ में राष्ट्रगीत का गायन किया गया।

तत्पश्चात महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. नवीन भगत द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। ध्वजारोहण के पश्चात उपस्थित प्राध्यापकों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों ने राष्ट्रगान के माध्यम से राष्ट्र के प्रति अपनी श्रद्धा एवं सम्मान व्यक्त किया।

इस अवसर पर प्राचार्य प्रो. नवीन भगत ने स्वतंत्रता संग्राम के अमर सेनानियों एवं शहीदों को नमन करते हुए कहा कि स्वतंत्रता हमें असंख्य वीरों के त्याग, तपस्या और बलिदान से प्राप्त हुई है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता का वास्तविक अर्थ केवल राजनीतिक आजादी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का अपने अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों के प्रति सजग होना भी है।

उन्होंने विद्यार्थियों का आह्वान करते हुए कहा कि वे अनुशासन, ईमानदारी, परिश्रम एवं राष्ट्रप्रेम को अपने जीवन का आधार बनाएं और ज्ञान एवं कौशल के माध्यम से देश के विकास में सक्रिय योगदान दें।

कार्यक्रम में महाविद्यालय के वरिष्ठ प्राध्यापक प्रो. मृत्युंजय शर्मा ने स्वतंत्रता दिवस के ऐतिहासिक एवं राष्ट्रीय महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष और बलिदान से हमें प्रेरणा लेते हुए देश की एकता, अखंडता एवं लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए सदैव प्रतिबद्ध रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति राष्ट्र की सबसे बड़ी पूंजी है और विद्यार्थियों को अपनी ऊर्जा का सकारात्मक दिशा में उपयोग करते हुए समाज एवं राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभानी चाहिए।

स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान महाविद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा राष्ट्रीय गीतों का सामूहिक गायन एवं देशभक्ति से ओत-प्रोत भाषण प्रस्तुत किए गए। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने समारोह में राष्ट्रप्रेम एवं उत्साह का वातावरण और अधिक जीवंत कर दिया।

इसके पश्चात राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई के तत्वावधान में महाविद्यालय परिसर में व्यापक स्वच्छता अभियान आयोजित किया गया। अभियान में एनएसएस स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए महाविद्यालय परिसर के विभिन्न क्षेत्रों की साफ-सफाई की तथा स्वच्छता के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।

इस अवसर पर राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. रवि जोशी ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल राष्ट्रीय पर्व मनाने का अवसर नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों और सामाजिक जिम्मेदारियों को पुनः स्मरण करने का भी अवसर है।

उन्होंने कहा कि स्वच्छ एवं स्वस्थ भारत के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की भूमिका महत्वपूर्ण है। एनएसएस स्वयंसेवकों द्वारा आयोजित स्वच्छता अभियान इसी सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना का प्रत्यक्ष उदाहरण है।

उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे स्वच्छता को केवल किसी विशेष दिवस या अभियान तक सीमित न रखते हुए इसे अपने दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाएं।

कार्यक्रम के अंत में सभी ने राष्ट्र की एकता, अखंडता, संप्रभुता एवं गौरव को अक्षुण्ण बनाए रखने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. नवीन भगत, वरिष्ठ प्राध्यापक प्रो. मृत्युंजय शर्मा, डॉ सुमन कुमारी, डॉ. ममता सुयाल, डॉ उमेश जोशी, डॉ. रवि जोशी, डॉ. शशि प्रकाश सिंह, संगीता मेहता, महेश कन्याल, गंगा देवी, राम जगदीश सिंह, विपिन थापा, सुनील कुमार, अतुल राणा, बेबी कौर, कमलजीत कौर, हरमन कौर, भी उपस्थित रहे। कार्यशाला का संचालन डॉ. रवि जोशी द्वारा किया गया।

About The Author