October 29, 2026

Naval Times News

निष्पक्ष कलम की निष्पक्ष आवाज

महाविद्यालय अगरोड़ा में नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत ‘माइंड फुलनेस योग कार्यक्रम’ का आयोजन

अगरोड़ा: आज दिनांक 29 अक्टूबर 2026 को शहीद श्रीमती हंसा धनाई राजकीय महाविद्यालय अगरोड़ा (धारमण्डल) टिहरी गढ़वाल में प्रभारी प्राचार्य डॉo अजय कुमार की अध्यक्षता में नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत एंटी ड्रग सेल द्वारा छात्र-छात्राओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने तथा उनके मानसिक एवं शारीरिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाने एवं परीक्षा के दृष्टिगत छात्र-छात्राओं में मानसिक तनाव को कम करने के उद्देश्य से माइंड फुलनेस योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

महाविद्यालय के योग प्रशिक्षक श्री चरण सिंह ने विद्यार्थियों को योग एवं प्राणायाम के महत्व से अवगत कराया एवं उन्हें विभिन्न योगासन करवा कर उन्हें नियमित योग अभ्यास करके मानसिक तनाव को कम करने के बारे में जानकारी दी। उन्होंने छात्र-छात्राओं को बताया कि नियमित योगाभ्यास मानसिक तनाव को कम करने, एकाग्रता बढ़ाने, आत्मविश्वास विकसित करने तथा सकारात्मक सोच को प्रोत्साहित करने में सहायक है। योग के माध्यम से विद्यार्थी स्वस्थ जीवनशैली अपनाकर नशे जैसी हानिकारक प्रवृत्तियों से दूर रह सकते हैं।

एंटी ड्रग सेल के नोडल अधिकारी डॉo योगेन्द्र सिंह गुसाईं द्वारा विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करते हुए स्वस्थ आदतों को अपने दैनिक जीवन में शामिल करने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही, उन्हें नशे से दूर रहने के लिए नशा मुक्ति की शपथ भी दी गई।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करना, मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा योग के माध्यम से स्वस्थ, सकारात्मक एवं अनुशासित जीवनशैली को बढ़ावा देना रहा।

इस अवसर पर महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य डॉo अजय कुमार द्वारा विद्यार्थियों को यह संदेश दिया गया कि योग अपनाएँ, नशे से दूर रहें और स्वस्थ समाज के निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।

नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत आयोजित यह कार्यक्रम युवाओं में स्वास्थ्य जागरूकता एवं नशा मुक्ति की भावना को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल रहा। इस कार्यक्रम में महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापक, समस्त कार्यालय कर्मचारी, एंटी ड्रग सेल के सदस्य एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

About The Author