कोटा: राजकीय कला कन्या महाविद्यालय, कोटा के एनसीसी आर्मी विंग द्वारा आज दिनांक 10 फरवरी 2026 को महाविद्यालय परिसर में कैडेट्स का गरिमामय सम्मान समारोह एवं छात्राओं के हित में स्वास्थ्य जागरूकता शिविर का सफल आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. सीमा चौहान ने की, जबकि आयोजन संयोजन एवं संचालन एनसीसी अधिकारी डॉ. पारुल सिंह द्वारा किया गया।
समारोह का मुख्य उद्देश्य राष्ट्र स्तर पर महाविद्यालय का नाम गौरवान्वित करने वाली एनसीसी कैडेट्स को सम्मानित करना तथा छात्राओं में स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं निवारक स्वास्थ्य उपायों के प्रति जागरूकता विकसित करना था। इस अवसर पर वर्ष 2026 की गणतंत्र दिवस परेड नई दिल्ली पूर्ण करने के लिए सीनियर अंडर ऑफिसर जाह्नवी चौधरी को, विशिष्ट एनआईसी कैंप में सफल प्रतिभागिता करनेवाली सार्जेंट एकता बाघ एवं आर्मी डे परेड जयपुर में भाग लेनेवाली 17 कैडेट्स को सम्मानित किया सम्मानित किया गया।
समारोह में प्रतिभागी छात्राओं ने अपने अनुभव छात्राओं एवं शिक्षकों से समक्ष साझा किए एवं इसके लाभों, नेतृत्व अवसरों एवं पहल क्षमता विकास की संभावना से अवगत कराया। कैडेट्स के अनुभव से शेष कैडेट्स में और अधिक बेहतर करने की प्रेरणा जागृत हुई।
प्राचार्य डॉ. सीमा चौहान ने कैडेट्स का मनोबल बढ़ाते हुए उन्हें बधाई दी और प्रेरित किया कि यह उपलब्धि अनुशासन, निरंतर परिश्रम और राष्ट्रीय भावना का प्रतिफल है।
उन्होंने अपने अध्यक्षीय संबोधन में कहा कि एनसीसी छात्राओं के सर्वांगीण विकास का सशक्त माध्यम है, जो नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास एवं सामाजिक उत्तरदायित्व को सुदृढ़ करता है। साथ ही उन्होंने स्वस्थ शरीर को सशक्त राष्ट्र की आधारशिला बताते हुए स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने का आह्वान किया।
सम्मान समारोह के पश्चात एनसीसी कैडेट्स एवं महाविद्यालय की छात्राओं के लिए एक स्वास्थ्य जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें पुष्पादि कैंसर केयर सेंटर, कोटा से आमंत्रित विशेषज्ञ चिकित्सकों ने सहभागिता की।
शिविर में डॉ. मनमोहन अग्रवाल (ऑन्कोलॉजिस्ट) तथा डॉ. लक्ष्मी अग्रवाल (पैथोलोजिस्ट) ने छात्राओं से प्रत्यक्ष संवाद किया।
उन्होंने कैंसर एवं अन्य गंभीर रोगों के प्रारंभिक लक्षणों, समय पर पहचान, स्वच्छता की भूमिका, संतुलित आहार, नियमित व्यायाम तथा जीवनशैली से जुड़ी आदतों के साथ-साथ जरुरी टीकों का स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रभावों पर विस्तार से प्रकाश डाला। चिकित्सकों ने विशेष रूप से प्रोफिलैक्टिक उपायों पर बल देते हुए बताया कि अनेक गंभीर बीमारियों से जागरूकता एवं सावधानी द्वारा बचाव संभव है।
स्वास्थ्य शिविर से छात्राओं को यह व्यावहारिक लाभ मिला कि वे अपने दैनिक जीवन में स्वच्छता, पोषण और नियमित स्वास्थ्य जांच को प्राथमिकता देने के लिए प्रेरित हुईं। विशेषज्ञों के साथ प्रत्यक्ष संवाद ने छात्राओं की शंकाओं का समाधान किया तथा उनमें आत्म-देखभाल के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित किया। कार्यक्रम में वरिष्ठ संकाय सदस्य डॉ मीरा गुप्ता एवं डॉ बिंदु चतुर्वेदी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
डॉ त्रिभूनाथ दुबे, डॉ प्रतिमा श्रीवास्तव, डॉ रिजवान खान एवं अन्य संकाय सदस्यों के साथ-साथ 97 कैडेट्स की इस आयोजन में सक्रिय सहभागिता रही।
कार्यक्रम के अंत में डॉ बिंदु चतुर्वेदी ने सभी अतिथियों, चिकित्सकों, प्राचार्या महोदया, संकाय सदस्यों तथा छात्राओं के प्रति औपचारिक आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम की सफलता में सहयोग देने के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।


More Stories
शिवालिक नगर में 22 फरवरी को होगा कुमाऊनी एकता समिति का वार्षिकोत्सव एवं होली मिलन समारोह
गजा: सडक दुर्घटना व साइबर क्राइम के लिए जन जागरुकता गोष्ठी का आयोजन
हरिद्वार: सरस्वती शिशु मंदिर इंटर कॉलेज भगवानपुर में हुआ एक दिवसीय भौतिकी कार्यशाला का आयोजन