May 28, 2026

Naval Times News

निष्पक्ष कलम की निष्पक्ष आवाज

महाविद्यालय पैठाणी एवं एन०आई०इ०एल०आई०टी  हरिद्वार के मध्य एमओयू पर हस्ताक्षर

पैठाणी पौड़ी गढ़वाल :  महाविद्यालय के सम्मानित प्राचार्य प्रो. (डॉ.) विजय कुमार अग्रवाल के मार्गदर्शन में राजकीय व्यावसायिक महाविद्यालय पैठाणी एवं राष्ट्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान हरिद्वार के मध्य छात्र हित में शैक्षणिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किये गये।

जिसका मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों एवं संकाय सदस्यों के लिए कौशल विकास कार्यक्रमों, कार्यशालाओं, संगोष्ठियों, इंटर्नशिप, फैकल्टी डेवलपमेंट प्रोग्राम, तथा अन्य शैक्षणिक एवं तकनीकी गतिविधियों को बढ़ावा देना है। यह सहयोग विद्यार्थियों को उद्योगोन्मुख प्रशिक्षण, तकनीकी दक्षता एवं रोजगारपरक कौशल प्रदान करने में सहायक सिद्ध होगा।

महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) विजय कुमार अग्रवाल के दूरदर्शी नेतृत्व, सतत मार्गदर्शन एवं सकारात्मक सहयोग से यह महत्वपूर्ण शैक्षणिक उपलब्धि संभव हो सकी। उनके नेतृत्व में संस्थान निरंतर गुणवत्ता आधारित शिक्षा, नवाचार एवं अकादमिक उत्कृष्टता की दिशा में अग्रसर है।
इस प्रक्रिया के समन्वयन एवं शैक्षणिक सहयोग को स्थापित करने में महाविद्यालय के प्राध्यापक डॉ. सतवीर सिंह, ईक्यूएसी कॉर्डिनेटर की विशेष एवं सक्रिय भूमिका रही।

अपने विचार व्यक्त करते हुए डॉ. सतवीर सिंह ने कहा कि वर्तमान उच्च शिक्षा परिदृश्य में ऐसे शैक्षणिक समझौता ज्ञापन अत्यंत आवश्यक हैं, क्योंकि इनके माध्यम से विद्यार्थियों को केवल सैद्धांतिक ज्ञान ही नहीं, बल्कि व्यावहारिक एवं उद्योगोन्मुख अनुभव भी प्राप्त होता है। उन्होंने कहा कि संस्थानों एवं तकनीकी संगठनों के मध्य सहयोग से विद्यार्थियों की रोजगारपरक दक्षताओं का विकास होता है तथा नेक आधारित गुणवत्ता शिक्षा एवं कौशल विकास को नई दिशा मिलती है।

महाविद्यालय के प्राचार्य के प्रतिनिधि के रूप में प्राध्यापक डॉ. कुमार गौरव जैन ने कार्यक्रम में सहभागिता की। अपने संबोधन में डॉ. जैन ने कहा कि यह समझौता ज्ञापन विद्यार्थियों के लिए तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास एवं रोजगारपरक प्रशिक्षण के नए अवसर उपलब्ध कराएगा तथा भविष्य में दोनों संस्थानों के मध्य अकादमिक सहयोग को और अधिक सुदृढ़ करेगा।

इस दौरान श्री अनुराग गुप्ता, वैज्ञानिक ई निदेशक एवं श्री संयम राठौर राष्ट्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान हरिद्वार भी उपस्थित रहे। अपने उद्बोधन में निदेशक श्री अनुराग गुप्ता ने कहा कि वर्तमान समय में तकनीकी शिक्षा एवं डिजिटल कौशल का महत्व अत्यधिक बढ़ गया है।

उन्होंने कहा कि यह समझौता केवल दो संस्थानों के मध्य एक औपचारिक समझौता नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य, कौशल विकास एवं रोजगारपरक शिक्षा को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह सहयोग विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीकी प्रशिक्षण, इंडस्ट्री ओरिएंटेड लर्निंग एवं डिजिटल स्किल्स से जोड़ने में मील का पत्थर सिद्ध होगा।
इसके अतिरिक्त डॉ. सुनीता कंडारी, डीन इंजीनियरिंग एसजीआरआर, डॉ. संजय कुमार, प्रभारी प्राचार्य, राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज हरिद्वार, श्री अभिषेक शुक्ला, मुख्य तकनीकी अधिकारी सहित अन्य शिक्षाविदों एवं तकनीकी विशेषज्ञों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम के दौरान दोनों संस्थानों ने भविष्य में दीर्घकालिक एवं परिणामोन्मुख शैक्षणिक सहयोग की प्रतिबद्धता व्यक्त की। इस उपलब्धि के लिए महाविद्यालय के सम्मानित प्राध्यापकों में डॉ. दिनेश रावत, डॉ. कल्पना रावत, डॉ. पुनीत चंद्र वर्मा, डॉ. खिलाप सिंह डॉ. उर्वशी, डॉ. आलोक कंडारी आदि के साथ-साथ शिक्षणेत्तर कर्मचारियों ने शुभकामनाएं एवं बधाई दी। उक्त जानकारी महाविद्यालय के मीडिया प्रभारी डॉ. प्रकाश फोंदणी ने दी।

About The Author