October 13, 2026

Naval Times News

निष्पक्ष कलम की निष्पक्ष आवाज

महाविद्यालय पैठाणी में अंतरराष्ट्रीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

पैठाणी, पौड़ी गढ़वाल, 13 अक्टूबर 2026। राजकीय व्यावसायिक महाविद्यालय, बनास-पैठाणी में अंतरराष्ट्रीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण दिवस के अवसर पर प्राचार्य प्रो. (डॉ.) विजय कुमार अग्रवाल के सानिध्य में आपदा प्रबंधन जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का उद्देश्य छात्र-छात्राओं एवं महाविद्यालय के कर्मचारियों को आपदा जोखिमों के प्रति जागरूक करना तथा आपदाओं से बचाव और उनके प्रभावों को कम करने के लिए आवश्यक उपायों की जानकारी देना था।

कार्यक्रम की संयोजक डॉ. उर्वशी ने विद्यार्थियों को आपदा प्रबंधन के विभिन्न पहलुओं से अवगत कराया। उन्होंने प्राकृतिक एवं मानवजनित आपदाओं के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों, सुरक्षित निकासी, प्राथमिक सुरक्षा उपायों तथा आपातकालीन परिस्थितियों में सतर्कता के महत्व पर प्रकाश डाला।

उन्होंने कहा कि आपदा के समय जागरूकता, त्वरित निर्णय और सामूहिक सहयोग से जन-धन की हानि को कम किया जा सकता है।

इस अवसर पर विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा के माध्यम से आपदा जोखिम न्यूनीकरण का संदेश प्रसारित करने के उद्देश्य से चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई।

प्रतियोगिता में बी.एससी. प्रथम सेमेस्टर की दिव्या ने प्रथम, बी.एससी. पंचम सेमेस्टर की सपना ने द्वितीय तथा बी.एससी. प्रथम सेमेस्टर की दिव्यांशी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों ने आपदा जागरूकता एवं सुरक्षा के महत्व को चित्रों के जरिए अभिव्यक्त किया।

कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापकगण एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे। इस आयोजन ने विद्यार्थियों में आपदा प्रबंधन के प्रति जागरूकता विकसित करने तथा सुरक्षित एवं आपदा-सक्षम समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संदेश दिया।

कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापक डॉ. कल्पना रावत, डॉ. खिलाप सिंह एवं डॉ. प्रकाश फोंदणी ने भी अपने विचार व्यक्त किए। उक्त जानकारी महाविद्यालय के मीडिया प्रभारी डॉ. प्रकाश फोंदणी ने दी।

About The Author