पैठाणी, पौड़ी गढ़वाल। राजकीय व्यावसायिक महाविद्यालय बनास पैठाणी की नमामि गंगे इकाई द्वारा प्राचार्य प्रो. (डॉ.) विजय कुमार अग्रवाल के मार्गदर्शन में 12 वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष पर स्थानीय राहु इंद्रेश्वर मंदिर परिसर में नयार नदी के संगम पर योगा शिविर में पौराणिक वेद-पुराणों, गंगा की सभ्यता एवं संस्कृति पर संगोष्ठी के साथ योगाभ्यास का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यअतिथि जनप्रतिनिधि श्री मतवर सिंह रावत, जिला पंचायत सदस्य डॉ. शिव चरण नौडियाल एवं श्री विजय रौथाण ने किया।
महाविद्यालय के प्राध्यापक एवं मीडिया प्रभारी डॉ. प्रकाश फोंदणी ने कार्यक्रम का सफल संचालन करते हुए सभी अतिथियों, आचार्यगणों, योगाचार्यों, साधु संतों, क्षेत्रीय जनमानस एवं प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए कार्यक्रम का सफल संचालन किया। नमामि गंगे के नोडल अधिकारी डॉ. खिलाप सिंह ने सभी को 12 वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग की थीम पर इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया जा रहा है।
आज हम अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के पावन अवसर पर एकत्रित हुए हैं, जो केवल शारीरिक स्वास्थ्य का उत्सव ही नहीं बल्कि भारतीय संस्कृति की गहराई का भी प्रतीक है। नमामि गंगे मिशन जो हमारी जीवन दायिनी माँ गंगा के संरक्षण का एक राष्ट्रीय अभियान है, इस योग दिवस के माध्यम से हमें आध्यात्मिकता शुद्धता और संतुलन का स्मरण कराता है। वेदों में योग को आत्मा और परमात्मा के मिलन का साधन कहा गया है, योग का अभ्यास हमें प्राकृतिक संतुलन, शुद्ध विचार और नैतिक जीवन की ओर ले जाता है। हम सभी का कर्तव्य है की गंगा की रक्षा, योग का प्रचार और वेद-पुराणों की शिक्षा को समाज तक पहुंचाएं।
महाविद्यालय के योग प्रशिक्षक योगाचार्य श्री भास्करानंद मिश्रा ने प्रार्थना एवं ॐ के जाप से सभी को मंत्र मुग्ध करते हुए, योग, ध्यान एवं प्राणायाम के विभिन्न आसनों द्वारा सभी प्रतिभागियों को योगाभ्यास कराया।
जिला पंचायत सदस्य आचार्य डॉ. शिव चरण नौडियाल ने कहा कि वेदों का ज्ञान एक शक्तिशाली उपकरण है, जो हमें अपने जीवन को बेहतर बनाने और एक अधिक सार्थक, खुशहाल और उद्देश्य पूर्ण जीवन जीने में मदद कर सकता है। पुराण व्यावहारिक ज्ञान का खजाना है जो हमें जीवन के विभिन्न पहलुओं में मार्गदर्शन करता है, और हमें एक बेहतर इंसान बनने में मदद करता है।
श्री मातवर सिंह रावत ने कहा कि आज हम सब यहा अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के पावन अवसर पर एकत्रित हुए हैं। यह दिन न केवल हमारे शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाने का प्रतीक है, बल्कि हमारी भारतीय संस्कृति और परंपरा की एक अमूल्य देन योग का वैश्विक उत्सव भी है।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापको, कर्मचारियो, स्थानीय जनप्रतिनिधियो, क्षेत्रीय जनमानस के साथ -साथ छात्र- छात्राओं ने विशेष रूप मे प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम में माननीय उच्च शिक्षा मंत्री जी के पीआरवो श्री उमेश डौंडियाल जी एवं विधायक प्रतिनिधि श्री बीरेंद्र रावत जी भी उपस्थित रहे। महाविद्यालय से पल्लव नैथानी, गांधी सिंह, प्रदीप बर्त्वाल, जसपाल सिंह, बीरेंद्र, टि्वंकल, सीमा एवं अर्चना ने विशेष सहयोग दिया।


More Stories
राजकीय महाविद्यालय पौखाल में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस आयोजित
राजकीय महाविद्यालय कमांद में हुआ 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन
राजकीय महाविद्यालय चुड़ियाला में मनाया गया अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस