पौखाल, टिहरी गढ़वाल, 09 अक्टूबर 2026: इंदर सिंह रावत राजकीय महाविद्यालय, पौखाल में ‘मुख्यमंत्री उच्च शिक्षा प्रोत्साहन छात्रवृत्ति योजना’ के अंतर्गत एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
जिसके तहत महाविद्यालय के 08 मेधावी छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति प्रमाण पत्र एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान किए गए। कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक माननीय श्री शक्ति लाल शाह ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत कर छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति-पत्र प्रदान किए।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि मा0 विधायक श्री शक्ति लाल शाह ने लाभान्वित विद्यार्थियों को शुभकामनाएँ देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि “उत्तराखंड सरकार यह सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है कि आर्थिक अभाव के कारण किसी भी प्रतिभाशाली विद्यार्थी की उच्च शिक्षा बाधित न हो। इस योजना का मुख्य उद्देश्य सामान्य परिवारों के मेधावी छात्र-छात्राओं को आगे बढ़ने के समान अवसर उपलब्ध कराना है।”
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर सुरेश चंद्र ममगाईं ने बताया कि छात्रवृत्ति की राशि पारदर्शी व्यवस्था के तहत सीधे मेधावी विद्यार्थियों के बैंक खातों में डीबीटी (Direct Benefit Transfer) के माध्यम से हस्तांतरित की जाती है। यह योजना मेधावी छात्रों को बिना किसी आर्थिक तनाव के अपनी पढ़ाई जारी रखने में बेहद सहायक सिद्ध हो रही है।
छात्रवृत्ति योजना की नोडल अधिकारी डॉ. अंधरुति शाह ने पात्रता नियमों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि “यह योजना राज्य के शासकीय महाविद्यालयों एवं विश्वविद्यालयों में नियमित रूप से अध्ययनरत पात्र विद्यार्थियों के लिए है। स्नातक (UG) प्रथम वर्ष में प्रवेश लेने वाले ऐसे मेधावी छात्र, जिन्होंने 12वीं की परीक्षा में न्यूनतम 80% अंक प्राप्त किए हैं, निर्धारित शर्तों के अनुसार इसका लाभ उठा सकते हैं।”
कार्यक्रम के अंत में महाविद्यालय परिवार ने छात्रवृत्ति प्राप्त करने वाले सभी मेधावी छात्र-छात्राओं को बधाई दी तथा विद्यार्थियों के प्रोत्साहन हेतु राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोग, छात्र छात्राएं , प्राध्यापकगण, कर्मचारीगण इत्यादि उपस्थित रहे।



More Stories
विश्व का हर आठवाँ व्यक्ति मानसिक तनाव से ग्रसित है- ‘‘योग ही समाधान‘‘
उत्तराखंड: फिर महसूस किए गए भूकंप के झटके, जानिए क्या थी तीव्रता
व्यावसायिक महाविद्यालय पैठाणी में विकसित भारत अभियान के अंतर्गत विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित