आज दिनांक 18 मार्च 2025 को महिला महाविद्यालय, हल्द्वानी की राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के सात दिवसीय विशेष शिविर का ग्राम पनियाली में शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर प्रांत व्यवस्था प्रमुख श्री भगवान सहाय मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे और उन्होंने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन किया।

इस अवसर पर उन्होंने स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए कहा कि एनएसएस युवाओं को समाज सेवा के प्रति समर्पित करने और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का एक महत्वपूर्ण मंच है। उन्होंने स्वयंसेवकों से आग्रह किया कि वे इस शिविर से प्राप्त ज्ञान और अनुभव को अपने जीवन में अपनाएं और समाज के कमजोर वर्गों की सेवा के लिए आगे आएं।

विशिष्ट अतिथि डॉ. अभिषेक मित्तल ने अपने संबोधन में समाज में सेवा कार्यों के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व विकास का एक सशक्त माध्यम है। उन्होंने युवाओं को अनुशासन, समाज सेवा और नेतृत्व क्षमता विकसित करने के लिए प्रेरित किया।

बौद्धिक सत्र में सचिन कार्की द्वारा आत्मरक्षा पर विशेष प्रशिक्षण दिया गया। उन्होंने स्वयंसेवकों को आत्मरक्षा की विभिन्न तकनीकों से अवगत कराया और कहा कि आज के समय में महिलाओं को आत्मरक्षा के प्रति जागरूक और सक्षम होना बहुत आवश्यक है। उन्होंने प्रैक्टिकल डेमोंस्ट्रेशन के माध्यम से बताया कि विपरीत परिस्थितियों में किस प्रकार स्वयं की रक्षा की जा सकती है।

राष्ट्रीय सेवा योजना के प्रभारी डॉ. रितुराज पंत ने बताया कि इस बार के शिविर में समाज कल्याण से जुड़े विभिन्न अभियानों को विशेष रूप से चलाया जाएगा।

जिनमें मतदाता जागरूकता अभियान , समुदाय हेतु निःशुल्क विशेष स्वास्थ्य जांच अभियान, माय भारत पोर्टल आउटरीच अभियान, बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान, बृहद स्वच्छता अभियान, शिविर में इस बार एक विशेष प्रयास किया जाएगा कि महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने हेतु प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किए जाएं।

इस दिशा में सिलाई, कढ़ाई, बुनाई, आदि से संबंधित प्रशिक्षण की जानकारी देने के लिए विशेषज्ञों को आमंत्रित किया गया है। इस पहल का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना और उनके आर्थिक सशक्तिकरण को बढ़ावा देना है।

इस अवसर पर कार्यक्रम अधिकारी डॉ. गीता पंत, डॉ. हिमानी सुनील खाती, चंद्रशेखर भट्ट सहित कई गणमान्य व्यक्तित्व उपस्थित रहे। सभी ने स्वयंसेवकों को प्रेरित किया और समाज सेवा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता की सराहना की।

कार्यक्रम का संचालन स्वयंसेवी अपूर्वा भट्ट ने किया और धन्यवाद ज्ञापन प्रिया जोशी द्वारा किया गया।

About The Author