टिहरी गढ़वाल, 21 जून 2026- राजकीय महाविद्यालय कमांद, टिहरी गढ़वाल में आज 12वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस महाविद्यालय के प्राचार्य के दिशा-निर्देशन में अत्यंत उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया।
इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य युवाओं और समाज को स्वास्थ्य, शांति और समग्र कल्याण के प्रति जागरूक करना था। कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के योगाचार्य श्री देवेश चंद्र के सानिध्य में सामूहिक योगाभ्यास के साथ हुआ। इस दौरान महाविद्यालय के कर्मचारी, छात्र-छात्राओं और आसपास के स्थानीय ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
योग सत्र के दौरान योगाचार्य श्री देवेश चंद्र ने उपस्थित सभी साधकों को ताड़ासन, वृक्षासन, अनुलोम-विलोम, कपालभाति और भ्रामरी जैसे विभिन्न योगासनों व प्राणायामों का विधिवत अभ्यास कराया। साथ ही, ध्यान की विभिन्न तकनीकों के माध्यम से मानसिक शांति और एकाग्रता बढ़ाने के गुर भी सिखाए गए।
कार्यक्रम के दौरान योग के बहुआयामी महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया गया कि योग का अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर विशेष महत्व है क्योंकि यह विश्वभर में लोगों को शारीरिक स्वास्थ्य, मानसिक शांति और सामाजिक सद्भाव के एक सूत्र में पिरोने का कार्य करता है। यह न केवल रोगों से मुक्ति का मार्ग है, बल्कि जीवन को सकारात्मक दृष्टि से देखने और आत्मिक शांति प्राप्त करने का साधन भी है। नियमित योगाभ्यास से शारीरिक क्षमता बढ़ती है और मानसिक तनाव दूर होता है। योग हमारी प्राचीन भारतीय संस्कृति की एक अमूल्य धरोहर है, जिसे स्वस्थ जीवन के लिए अपनी दैनिक दिनचर्या का अभिन्न अंग बनाना अत्यंत आवश्यक है।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने आजीवन नियमित योग करने और एक स्वस्थ व निरोग जीवन जीने का संकल्प लिया। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के इस सफल आयोजन ने महाविद्यालय परिवार और स्थानीय समुदाय के बीच स्वास्थ्य और सकारात्मकता का एक नया संदेश दिया है।


More Stories
ओम आरोग्यं योग मंदिर ट्रस्ट द्वारा 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का हुआ आयोजन
परिवारवादी हिटलरशाही से मोहभंग, राष्ट्रप्रथम के विचार से जुड़ रहे विपक्ष के जनप्रतिनिधि — अरविन्द सिसोदिया
स्वस्थ एवं विकसित भारत के निर्माण का आधार है योग: सुबोध उनियाल