August 22, 2026

Naval Times News

निष्पक्ष कलम की निष्पक्ष आवाज

राजकीय महाविद्यालय कोटाबाग में अभिविन्यास कार्यक्रम–2026 का भव्य आयोजन

राजकीय महाविद्यालय कोटाबाग के सभागार में आज दिनांक- 22 अगस्त 2026 को प्रातः 11:00 बजे नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए अभिविन्यास कार्यक्रम–2026 का सफल आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में स्नातकस्तर पर कला संकाय (बी.ए.) एवं विज्ञान संकाय (बी.एससी. एजी.) प्रथम सेमेस्टर के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

कार्यक्रम की विधिवत शुरुआत महाविद्यालय की प्रभारी प्राचार्य प्रो.(डॉ.) अंजली पुनेरा एवं अभिविन्यास कार्यक्रम की संयोजक डॉ. सुनीता बिष्ट के निर्देशन में ज्ञानदायिनी माँ सरस्वती की प्रतिमा पर दीप प्रज्ज्वलन एवं पुष्पांजलि के साथ प्रारंभ हुआ।

महाविद्यालय के समारोहक डॉ.प्रवेश कुमार त्रिपाठी ने मंच का संचालन करते हुए बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा की नई अकादमिक व्यवस्था से परिचित कराने के साथ-साथ उन्हें महाविद्यालय की शैक्षणिक, प्रशासनिक, सह-पाठ्यक्रमीय एवं छात्रहितकारी गतिविधियों की जानकारी प्रदान करना रहा।

इस अवसर पर विद्यार्थियों को डॉ. आलोक पाण्डे, प्राध्यापक इतिहास विभाग के द्वारा विभागीय के साथ क्रीड़ा, एन एस एस, सांस्कृतिक,राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020, सेमेस्टर प्रणाली, क्रेडिट व्यवस्था, विषय चयन, आंतरिक मूल्यांकन एवं परीक्षा प्रणाली से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में डॉ.सुनीता विष्ट के द्वारा गृहविज्ञान एवं बी एस सी ag विषय एवं भविष्य में उपयोगीता से संबंधित, डॉ. संत कुमार के द्वारा राजनीति विज्ञान विभाग, छात्र संघ, पी टी ए, डॉ.प्रखर विष्ट के द्वारा समाज शास्त्र,पुस्तकालय, तथा डॉ.निशा नारंग के द्वारा अंग्रेजी विभाग एवं छात्रवृत्ति, प्रशिक्षक योग तनुजा के द्वारा योग एवं प्रवेश संबंधी, डॉ प्रवेश कुमार त्रिपाठी के द्वारा करियर काउंसलिंग,कौशल विकास एवं विभिन्न अकादमिक गतिविधियों के बारे में भी विस्तार से अवगत कराया गया।

मीडिया प्रभारी डॉ.प्रवेश त्रिपाठी ने बताया कि स्नातक स्तर पर इंडक्शन कार्यक्रम हो जाने के बाद बी ए प्रथम सेमेस्टर के छात्र छात्राओं के लिए कक्षाओं के नियमित संचालन हेतु विधिवत समयसारिणी पूर्व से जारी कर दी गई है जिसके क्रम में सभी छात्र/छात्राएं अनिवार्य रूप से महाविद्यालय में उपस्थित होना सुनिश्चित करेंगे साथ ही जब तक उनको आधिकारिक प्रवेश पत्र नहीं मिलता तब तक अपने साथ एक परिचय पत्र एवं फीस रसीद अनिवार्य रूप से रखेंगे।

प्रभारी प्राचार्या प्रो पुनेरा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि महाविद्यालयीन जीवन केवल पाठ्यक्रम तक सीमित नहीं है, बल्कि यह व्यक्तित्व निर्माण, कौशल विकास, अनुशासन, रचनात्मकता एवं सामाजिक उत्तरदायित्व विकसित करने का महत्वपूर्ण अवसर है। विद्यार्थियों से नियमित अध्ययन, समय-प्रबंधन, अनुशासन तथा सकारात्मक सोच के साथ अपने शैक्षणिक जीवन की शुरुआत करने का आह्वान किया गया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों की विभिन्न जिज्ञासाओं एवं प्रश्नों का समाधान किया गया तथा उन्हें महाविद्यालय की शैक्षणिक एवं अन्य सुविधाओं का अधिकतम लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया। महाविद्यालय परिवार द्वारा सभी नवप्रवेशित विद्यार्थियों का हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दी गईं।कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।

अभिविन्यास कार्यक्रम ने नवप्रवेशित विद्यार्थियों को महाविद्यालयीन जीवन, अकादमिक अपेक्षाओं एवं उपलब्ध अवसरों को समझने में महत्वपूर्ण आधार प्रदान किया।कार्यक्रम को सफल बनाने में महाविद्यालय में कार्यरत समस्त प्राध्यापक ,शिक्षणेतर कर्मचारी एवं काफी अधिक संख्या में नवप्रवेशित एवं अध्ययनरत छात्र/छात्राओं ने प्रतिभाग किया।

About The Author